डभरा, सक्ती।
डभरा थाना क्षेत्र के फगुरम चौकी अंतर्गत ग्राम भाटा में 27 फरवरी की रात सेवानिवृत शिक्षिका रोशनी बाई के घर हुई सनसनीखेज डकैती की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने चार नकाबपोश लुटेरों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों ने महिला को कट्टा व चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात, मोबाइल, लैपटॉप और नगदी लूट ली थी।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल टीम गठित कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।
लूट की रात और आतंक का मंजर
घटना 27 फरवरी की रात 7 से 8 बजे के बीच की है। सेवानिवृत शिक्षिका रोशनी बाई अपने घर में अकेली थीं, तभी सफेद रंग की इनोवा में सवार नकाबपोश लुटेरे उनके घर में घुस आए। कट्टा व चाकू की नोंक पर महिला को धमकाकर घर के आलमारी से सोने-चांदी के जेवर, मोबाइल, लैपटॉप व नकदी लूटकर फरार हो गए।
तकनीकी जांच से मिली अहम सुराग
घटना के बाद एसपी अंकिता शर्मा के मार्गदर्शन में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज का सूक्ष्म अवलोकन किया और टेक्निकल जानकारियां जुटाकर जांच शुरू की। जांच में स्पष्ट हुआ कि घटना में स्थानीय व बाहरी आरोपी शामिल हैं।
चार आरोपी गिरफ्तार, कई राज्यों में चली पुलिस की कार्रवाई
विवेचना के आधार पर पुलिस टीमों को गुजरात, बिहार, रायगढ़ और रायपुर भेजा गया। संदेह के आधार पर गिरफ्तार किए गए चार आरोपी हैं:
-
दीपेश उर्फ रोहित महतो, निवासी – गोवार धर्मपुर थाना बाड, जिला पटना, बिहार
-
विक्रम उर्फ कट्टा दिवाकर, निवासी – चकसमिया थाना सम्यकगढ़, जिला पटना, बिहार
-
रंजन कुमार साव, निवासी – सैदपुर थाना बाड, जिला पटना, बिहार
-
रेवती कुमार चौहान
पूछताछ में खुलासा: 8 लोगों ने मिलकर रची थी योजना
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे कुल 8 लोग थे। गुजरात, बिहार, रायपुर और रायगढ़ से एकत्र होकर रायगढ़ में मुलाकात की, फिर सफेद इनोवा में सवार होकर फगुरम के भाटा गांव पहुंचे। योजना के मुताबिक, 6 लोग घर में घुसे और 2 बाहर पहरा दे रहे थे। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जंगल में कुछ समय छिपे और फिर रायगढ़ के होटल में रुके। इसके बाद आरोपी ट्रेन या वाहन से अपने-अपने गंतव्य लौट गए।
लूट का सामान बरामद, अन्य आरोपी अब भी फरार
पुलिस ने आरोपियों से लूटा गया मोबाइल, सोने का जेवर, नगदी, घटना में प्रयुक्त चाकू और इनोवा गाड़ी जब्त की है। आरोपियों को धारा 111(2)(ख), 110(2) बी एन एस के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।









