Search
Close this search box.
Search
Close this search box.

बोल बम की गूंज से गूंजा अहिवारा: हजारों श्रद्धालुओं ने उत्साह से निकाली कांवड़ यात्रा, चढ़ाया पवित्र जल

अहिवारा कांवड़ यात्रा

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

 

अहिवारा (लोकेश्वर सिंह ठाकुर)।

बोल बम के जयकारों के साथ अहिवारा में भव्य कांवड़ यात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने सनातन संस्कृति की रक्षा का संकल्प लेते हुए पवित्र त्रिवेणी संगम सगनी घाट से जल भरकर अहिवारा शीतला माता मंदिर के शिव मंदिर में अर्पित किया। यह यात्रा आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम रही, जहाँ शिव भक्तों ने लगभग पाँच घंटे की पैदल यात्रा कर अपनी अटूट श्रद्धा का परिचय दिया।

 

 

आस्था का सैलाब: त्रिवेणी संगम से शीतला माता मंदिर तक

सुबह छह बजे से ही सगनी घाट पर कांवड़ियों की भीड़ उमड़ने लगी थी। संयोजक नटवर लाल ताम्रकार और उनकी धर्मपत्नि मलिका ताम्रकार सहित सभी कांवड़ियों ने पंडितों द्वारा विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर जल संकल्प लिया। इसके बाद, ‘बोल बम’ का जयकारा लगाते हुए सभी भक्त आगे बढ़े। यात्रा मार्ग में विभिन्न समितियों द्वारा कांवड़ियों के लिए स्वल्पाहार, पानी और फल की व्यवस्था की गई थी, जिससे भक्तों को राहत मिली। शिवराम मंदिर चौक पर अघोरी बाबा की झाँकी और अखाड़े की प्रस्तुति ने यात्रा में और भी उत्साह भर दिया। शीतला माता मंदिर पहुँचकर कांवड़ियों ने पूरी श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना कर शीतला माता मंदिर के शिव मंदिर में पवित्र जल चढ़ाया।

 

विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति

इस अवसर पर विधायक राजमहंत डोमनलाल कोर्सेवाड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती बंजारे, विधायक प्रतिनिधि सतीश साहू, जनपद पंचायत अध्यक्ष लिमन साहू सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे। आयोजक समिति द्वारा समस्त पदाधिकारियों और गणमान्य लोगों का सम्मान किया गया।

 

भक्ति में लीन कांवड़िये और सुदृढ़ व्यवस्था

यात्रा के दौरान सभी कांवड़िये डीजे की धुन पर नाचते-गाते भगवान शिव की भक्ति में पूरी तरह लीन रहे। कांवड़ियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए समिति के सदस्यों ने व्यापक प्रबंध किए थे। नंदिनी थाना प्रभारी पारस नाथ ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यातायात और शांति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखा। वहीं, शासकीय अस्पताल अहिवारा प्रबंधन की ओर से डॉ. जागेश साहू के नेतृत्व में एक टीम एम्बुलेंस के साथ निरंतर चलती रही, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल इलाज उपलब्ध कराया जा सके।

संयोजक ने जताया आभार, सर्वधर्म समभाव की मिसाल

संयोजक नटवर लाल ताम्रकार ने उमड़ी भीड़ पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह हम सभी की भगवान शिव के प्रति आस्था को दर्शाता है। उन्होंने यह भी कहा कि यात्रा बेहद शानदार रही और लोगों ने इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस अवसर पर संयोजक नटवर लाल ताम्रकार, सह संयोजक लीलम साहू, अध्यक्ष ईश्वर शर्मा, सचिव दाऊ आनंद ताम्रकार, सह-सचिव यशवंत दास, उपाध्यक्षगण रामजी निर्मलकर, अनुज साहू, पवन जैन, निर्मलेश मिश्रा, हेमंत साहू, राजकुमार ताम्रकार, शिवनारायण अग्रवाल, विनोद गंधर्व, यशवंत ठाकुर, कृष्ण साहू, अमित निलोजी, महेन्द्र साहू, उमेश सिंह, प्रदीप साहू, अजीत मिश्रा, कोषाध्यक्ष संतोष सेन, सह-कोषाध्यक्ष रामेश्वर साहू, मीडिया प्रभारी रवि शर्मा, प्रबंध समिति एवं सदस्यगण राहुल चंदेल, शुभम ताम्रकार, शेखर साहू, हर्ष जैन, रोशन जायसवाल, धरयारणि निषाद, शंकर निर्मलकर, सौरभ देवांगन, शुभम सेन, दीपक सेन, प्रवीन अकरे, अनुज साहू, संतोष सेन आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

यात्रा के दौरान सर्वधर्म समभाव की एक अनूठी मिसाल भी देखने को मिली, जब सगनी से पैदल आ रहे कांवड़ियों का नंदिनी मुस्लिम समाज और क्रिश्चियन समाज के लोगों ने पानी पिलाकर स्वागत किया, वहीं सेन समाज ने खिचड़ी प्रसादी वितरण कर अपनी सेवा भावना का प्रदर्शन किया।

 

omdarpanprmot-01
previous arrow
next arrow