अब स्थानीय स्तर पर मिलेगी सुरक्षित मातृत्व सेवाएं — स्त्रीरोग विशेषज्ञ की नियुक्ति से महिलाओं को बड़ी राहत
रायपुर |
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मोहला ने मातृ स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि दर्ज की है। ग्राम गिधाली की गर्भवती महिला कुलेश्वरी पति अर्जुन का सिजेरियन ऑपरेशन (सी-सेक्शन) स्वास्थ्य केंद्र की चिकित्सक टीम ने सफलतापूर्वक किया।
इस शल्यक्रिया को डॉ. अरविंद बनकर, डॉ. दिलीप शर्मा, डॉ. सीमा ठाकुर और डॉ. एस.आर. कोवाची की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया। ऑपरेशन पूरी तरह सुरक्षित रहा और जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ हैं।
स्थानीय स्तर पर सिजेरियन की सुविधा
सीएचसी मोहला में स्त्रीरोग विशेषज्ञ की नियुक्ति के बाद अब उच्च जोखिम वाली गर्भवती माताओं को राजनांदगांव या निजी अस्पतालों तक जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
अब मोहला में ही सी-सेक्शन ऑपरेशन, जांच और संपूर्ण प्रसव देखभाल की सुविधा उपलब्ध है। यह सुविधा खास तौर पर ग्रामीण क्षेत्रों की उन महिलाओं के लिए राहत लेकर आई है, जिन्हें पहले औंधी से राजनांदगांव तक लगभग 150 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती थी।
मातृ स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती
इस उपलब्धि से क्षेत्र में सुरक्षित प्रसव, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और मातृ मृत्यु दर में कमी सुनिश्चित होगी।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि अब ग्रामीण क्षेत्र की महिलाएं समय पर जांच, उपचार और प्रसव के लिए अपने ही क्षेत्र में भरोसेमंद चिकित्सा सुविधा पा सकेंगी।









