रायपुर।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज जशपुर जिले के फरसाबहार क्षेत्र के व्यापक विकास को नए आयाम देते हुए कुल 40 करोड़ 89 लाख 26 हजार रुपए की लागत के 13 विकासकार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। मुख्यमंत्री द्वारा दी गई इस सौगात से फरसाबहार क्षेत्र में आधारभूत संरचनाओं को मजबूती मिलेगी और लोगों के जीवन स्तर में सुधार आएगा।
लोकार्पित किए गए 4.16 करोड़ के कार्य
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस दौरान 4 करोड़ 16 लाख 41 हजार रुपए लागत के 4 विकासकार्यों का लोकार्पण किया। ये कार्य क्षेत्र की कनेक्टिविटी के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। लोकार्पण किए गए कार्यों में 1 करोड़ 81 लाख 32 हजार रुपए लागत का मस्कामारा से होते हुए लवाकेरा मेन रोड तक 1.70 कि.मी. लंबा मार्ग शामिल है। इसके अलावा, 1 करोड़ 29 लाख 56 हजार रुपए लागत के अम्बाकछार पहुंच मार्ग (1.00 कि.मी.), सिंहटोला दीपक घर से मेन रोड पहुंच मार्ग पर 10 लाख रुपए की आर सी.सी. पुलिया निर्माण और 95 लाख 53 हजार रुपए लागत के मुण्डाडीह पहुंच मार्ग (0.90 कि.मी.) के निर्माण कार्य का उद्घाटन किया गया।
36.72 करोड़ के 9 बड़े कार्यों का भूमिपूजन
मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के लिए भविष्य की नींव रखते हुए 36 करोड़ 72 लाख 85 हजार रुपए लागत के 9 विकासकार्यों का भूमिपूजन भी किया। इन कार्यों में फिकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट पर 31 लाख 38 हजार रुपए खर्च किए जाएंगे। सबसे बड़ी परियोजना पमशाला में सरईटोला पहुंच मार्ग (11.50 कि.मी.) का निर्माण कार्य है, जिसकी लागत 23 करोड़ 96 लाख 94 हजार रुपए है। इसके अतिरिक्त, फरसाबहार में विश्रामगृह भवन का निर्माण 1 करोड़ 72 लाख 55 हजार रुपए की लागत से किया जाएगा।
आदिवासी छात्रों के लिए बड़ी पहल
भूमिपूजन किए गए कार्यों में शिक्षा और आवासीय सुविधाओं को प्राथमिकता दी गई है। इसमें 6 नए आदिवासी छात्रावास भवन शामिल हैं। प्रो.मै. आदिवासी बालक छात्रावास कोल्हेनझरिया, प्रो.मै. आदिवासी बालक छात्रावास फरसाबहार, प्रो.मै. आदिवासी बालक छात्रावास पंडरीपानी, और प्री.मै. आदिवासी बालक छात्रावास तपकरा में 1 करोड़ 91 लाख 51 हजार रुपए की लागत से भवन निर्माण होगा। वहीं, प्री.मै. आदिवासी बालक छात्रावास लवाकेरा और प्री.मै. आदिवासी बालक छात्रावास पण्डरीपानी का भवन निर्माण 1 करोड़ 52 लाख 97 हजार रुपए की लागत से किया जाएगा।
इस अवसर पर सांसद राधेश्याम राठिया, विधायक गोमती साय, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, नगर पालिका जशपुर के उपाध्यक्ष यश प्रताप सिंह जूदेव, पूर्व संसदीय सचिव भरत साय, कलेक्टर रोहित व्यास, पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह और विजय आदित्य सिंह जूदेव सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।






