-
पड़ोसी परिवार पर घर के बाहर हमला करने का आरोप
-
लात-घूंसों और चूड़ियों से पीटा, जान से मारने की धमकी
रायपुर.
राजधानी रायपुर में आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक ही परिवार की महिलाओं समेत तीन लोग घायल हो गए। पीड़ित परिवार ने अपने पड़ोसियों पर घर पर हमला करने, गालीगलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। लगातार दो दिनों तक चले इस विवाद से मोहल्ले में तनाव का माहौल है। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
आग तापने के दौरान शुरू हुआ विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, घटना की शुरुआत 15 नवंबर की रात हुई। शिकायतकर्ता के बड़े भाई गोल्डन गहरे मोहल्ले के अन्य लोगों के साथ आग ताप रहे थे। आरोप है कि उसी समय पड़ोसी दिलीप टंडन नशे की हालत में वहां पहुंचा और गालीगलौज करने लगा। जब गोल्डन गहरे ने उसे ऐसा करने से मना किया, तो दोनों के बीच हाथापाई की स्थिति बन गई, हालांकि उस वक्त मामला शांत करा दिया गया।
अगले दिन महिलाओं पर जानलेवा हमला
पीड़ित पक्ष के अनुसार, अगले ही दिन 16 नवंबर की सुबह से आरोपी दिलीप टंडन, हरि टंडन, सुनील टंडन और उनके परिवार के सदस्य कथित तौर पर गालीगलौज और मारपीट की धमकी देने लगे। रात करीब 8 बजे यह विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया।
शिकायत के मुताबिक, पीड़ित की मां अमेरिका गहरे घर के बाहर खड़ी थीं, तभी दिलीप के रिश्तेदार विक्की ने उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि विक्की ने उनका गला पकड़ा, उन्हें दीवार से दबाया और हाथ-मुक्कों से पीटना शुरू कर दिया।
बचाव में आए परिवार को भी पीटा
शोर-शराबा सुनकर जब पीड़ित, उसकी पत्नी उषा गहरे, बहन रंजीता गहरे और भाई रंजीत गहरे बचाव के लिए आए, तो आरोपी पक्ष के अन्य लोग भी वहां पहुंच गए। आरोप है कि दिलीप टंडन, हरि टंडन, सुनील टंडन और उनके परिजनों ने पूरे परिवार के साथ लात-घूंसों, मुक्कों और चूड़ियों (चूड़ा) से मारपीट की।
पुलिस जांच शुरू, परिवार में दहशत
इस मारपीट में अमेरिका गहरे, उषा गहरे और रंजीता गहरे को गंभीर चोटें आई हैं। पीड़ित परिवार का कहना है कि घटना को कई मोहल्लेवासियों ने भी देखा है। आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी है। लगातार दो दिनों से चल रहे इस विवाद से पूरा परिवार दहशत में है। शिकायतकर्ता ने पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए आरोपियों के खिलाफ तत्काल कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी है।









