-
दुर्ग (ग्रामीण) जिला अध्यक्ष ने कहा- सरकार का फैसला ऊंट के मुंह में जीरा
-
400 यूनिट तक छूट बहाल करने की मांग
दुर्ग (रोहितास सिंह भुवाल)
राज्य सरकार द्वारा ‘हाफ बिजली बिल योजना’ के तहत सब्सिडी का दायरा 200 यूनिट तक सीमित किए जाने के विरोध में कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) ने इस फैसले को नाकाफी बताते हुए अनोखे विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है। सोमवार, 24 नवंबर को पटेल चौक स्थित बिजली विभाग के कार्यालय के सामने कांग्रेस कार्यकर्ता ‘ऊंट को जीरा खिलाकर’ अपना विरोध दर्ज कराएंगे।
पूर्व सरकार ने दी थी 400 यूनिट की राहत
जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने बताया कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने प्रदेश के लाखों उपभोक्ताओं के हित में 400 यूनिट तक की बिजली खपत पर हाफ बिल योजना लागू की थी। सत्ता परिवर्तन के बाद वर्तमान भाजपा सरकार ने पहले इसे घटाकर 100 यूनिट कर दिया था, जिससे आम जनता की जेब पर भारी असर पड़ा।
विरोध के बाद बैकफुट पर सरकार, फिर भी राहत अधूरी
कांग्रेस का कहना है कि 100 यूनिट की सीमा तय किए जाने के बाद पार्टी ने व्यापक आंदोलन किया था और अधिकारियों को लालटेन सौंपकर विरोध जताया था। चौतरफा दबाव और प्रदेशव्यापी प्रदर्शनों के बाद सरकार बैकफुट पर आई और सीमा को 100 से बढ़ाकर 200 यूनिट किया। कांग्रेस ने इस बढ़ोतरी को ‘ऊंट के मुंह में जीरा’ करार दिया है। उनका कहना है कि यह जनता के साथ छलावा है।
कल होगा अनोखा प्रदर्शन
राकेश ठाकुर ने बताया कि 400 यूनिट तक हाफ बिजली बिल योजना को पुनः बहाल करने और जनता के साथ हो रहे अन्याय के खिलाफ यह प्रदर्शन आयोजित किया गया है। सोमवार सुबह 11 बजे पटेल चौक स्थित बिजली ऑफिस के सामने ऊंट को जीरा खिलाकर प्रतीकात्मक रूप से सरकार की नीति का विरोध किया जाएगा। कांग्रेस ने कार्यकर्ताओं और आम जनता से बड़ी संख्या में इस प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है।









