दंतेवाड़ा। केंद्र सरकार की पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना दंतेवाड़ा जिले के नागरिकों के लिए मददगार साबित हो रही है। जिले के बड़े तुमनार निवासी और मोफलनार माध्यमिक विद्यालय के शिक्षक कैलाश कुमार देवांगन इस योजना के जरिए अपने बिजली खर्च में बड़ी बचत कर रहे हैं।
कैलाश कुमार देवांगन अपने गांव के पहले ऐसे व्यक्ति हैं जिन्होंने मार्च 2026 में इस योजना का लाभ उठाते हुए अपने घर की छत पर 3 किलोवाट क्षमता का सोलर रूफटॉप प्लांट स्थापित कराया है। इससे उनके परिवार को आर्थिक राहत मिली है।
गुल हुआ 1200 का बिल
शिक्षक कैलाश ने बताया कि उनके 4 सदस्यीय परिवार का मासिक बिजली बिल पहले करीब 1,000 से 1,200 रुपए तक आता था। इसमें लगभग 200 यूनिट की खपत होती थी। सोलर प्लांट लगने के बाद से उनका बिजली बिल पूरी तरह समाप्त होकर शून्य हो गया है।
सब्सिडी से आसान हुई राह
देवांगन को मार्च माह में आयोजित शिक्षकों की एक बैठक के दौरान इस योजना की जानकारी मिली थी। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा दी जा रही सब्सिडी इस योजना की सबसे बड़ी खासियत है, जिससे आम परिवारों के लिए सौर ऊर्जा संयंत्र लगाना आसान हो गया है।
ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की अपील
जिला प्रशासन और विद्युत विभाग ने जिले के नागरिकों से इस योजना से जुड़कर ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया है। शिक्षक कैलाश के अनुसार, भविष्य में बिजली की बढ़ती मांग और दरों को देखते हुए सौर ऊर्जा एक टिकाऊ और पर्यावरण अनुकूल विकल्प है।









