Search
Close this search box.
Search
Close this search box.

राजेंद्र पार्क में कल सजेगी देशभक्ति और सुरों की महफिल

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

 

  • वॉइस ऑफ छत्तीसगढ़ और रेन ड्रॉप का संयुक्त आयोजन

  • ‘पहले कर्तव्य-फिर अधिकार’ का संदेश देंगे शहर के नामचीन कलाकार

दुर्ग (रोहितास सिंह भुवाल)।

शहर के डॉ. राजेंद्र प्रसाद उद्यान में रविवार, 30 नवंबर को देशभक्ति और संगीत का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। वॉइस ऑफ छत्तीसगढ़, द रेन ड्रॉप और कोशिश स्टार म्यूजिकल ग्रुप के संयुक्त तत्वावधान में दोपहर 3 बजे से एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन का उद्देश्य केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि संगीत के माध्यम से संविधान, स्वाधीनता और सामाजिक एकजुटता का संदेश आम जन तक पहुँचाना है।

कल्याण कॉलेज के कैडेट्स दिखाएंगे दम

कार्यक्रम की शुरुआत अनुशासित और जोशीले अंदाज में होगी। कल्याण महाविद्यालय, भिलाई के एनसीसी कैडेट्स द्वारा मार्च पास्ट और परेड की विशेष प्रस्तुति दी जाएगी। आयोजकों के अनुसार, यह परेड युवाओं में अनुशासन और साहस का प्रदर्शन करेगी, जिससे उपस्थित दर्शकों में राष्ट्रीय गर्व की भावना का संचार होगा।

दिग्गज कलाकार बांधेंगे समां

परेड के बाद मंच पर सुरों का जादू चलेगा। कार्यक्रम में देश के गीत, शहीदों को नमन करते तराने, पुराने सदाबहार नगमे और मस्ती भरे गीतों की श्रृंखला प्रस्तुत की जाएगी। इसके लिए शहर और आसपास के नामचीन कलाकारों को आमंत्रित किया गया है।

प्रस्तुति देने वाले प्रमुख कलाकारों में अनिल बल्लेवार, राजेश जैन, जाहिद अली, राजेश जैन सराफ, राम खत्री, जगदीश देवांगन, विशाल गुप्ता, मो. शाहिद, माधव राव, विजय कोठारी, हेमंत साहू, संजय दुबे, धर्मेंद्र राव, यशवंत बुधे, कमल अग्रवाल, शुभम् दीक्षित और बिजी जैकब शामिल हैं। वहीं महिला गायिकाओं में पूनम सौंधी, रेनु शर्मा, मधुमिता, एस. कला, माधुरी आनंद, नीतू, पीयूषा मनहरे, रामेश्वरी और ज्योति कश्यप अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगी।

‘पहले कर्तव्य फिर अधिकार’ का संदेश

कार्यक्रम संयोजक जाहिद अली ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य ध्येय नागरिकों को उनके कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना है। ‘पहले कर्तव्य और फिर अधिकार’ की थीम पर आधारित यह कार्यक्रम भाईचारे और आपसी सहयोग को बढ़ावा देने का प्रयास है। आयोजकों ने शहरवासियों से अपील की है कि वे परिवार सहित इस निःशुल्क और सर्वसुलभ आयोजन में शामिल होकर इसे सफल बनाएं।

omdarpanprmot-01
previous arrow
next arrow