Search
Close this search box.
Search
Close this search box.

गंगरेल बांध रोड पर निकला 8 फीट लंबा अजगर, थम गए पहिए; राहगीरों ने रास्ता देकर पेश की मिसाल

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

  • भटगांव-गंगरेल मार्ग पर ग्राम सोरम के पास की घटना, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

धमतरी ।

जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गंगरेल बांध जाने वाले रास्ते पर रविवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब सड़क के बीचों-बीच एक 8 फीट लंबा अजगर आ गया। भटगांव से गंगरेल जाने वाले मार्ग पर ग्राम सोरम के नजदीक हुए इस वाकये ने कुछ देर के लिए यातायात को पूरी तरह थाम दिया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि वाहन चालकों और स्थानीय लोगों ने संयम दिखाया, जिससे अजगर सुरक्षित रूप से जंगल की ओर चला गया।

 वीडियो बनाने की होड़

जानकारी के मुताबिक, रविवार को अवकाश होने के कारण मार्ग पर आवाजाही सामान्य थी। इसी दौरान ग्राम सोरम के पास अचानक जंगल से निकलकर एक विशालकाय अजगर सड़क पर आ गया। सामने से आ रहे वाहन चालकों की नज़र जैसे ही रेंगते हुए अजगर पर पड़ी, उन्होंने तत्काल अपने वाहनों के ब्रेक लगा दिए। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई।

इस दौरान वहां मौजूद राहगीरों और ग्रामीणों में कौतूहल का विषय बन गया। कई लोगों ने अपनी गाड़ियां रोककर मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू कर दिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

हेडलाइट जलाकर दिया सुरक्षित रास्ता

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सड़क पार करते समय अजगर शांत था और उसने किसी को नुकसान पहुंचाने की कोशिश नहीं की। वाहन चालकों ने भी संवेदनशीलता का परिचय दिया। उन्होंने अपनी गाड़ियों की हेडलाइट जलाकर अजगर को रास्ता दिखाया ताकि अंधेरे या कम रोशनी में कोई वाहन गलती से उस पर न चढ़ जाए। करीब 15-20 मिनट तक लोग अपनी जगहों पर रुके रहे। अजगर के पूरी तरह सड़क पार कर झाड़ियों में ओझल होने के बाद ही यातायात सुचारू हो सका।

वन्यजीवों के लिए चेतावनी बोर्ड की मांग

गंगरेल बांध और आसपास का क्षेत्र घने जंगलों और जल स्रोतों से घिरा है, जो वन्यजीवों का प्राकृतिक आवास है। विशेषज्ञों के अनुसार, जल स्रोतों के पास अजगर और अन्य वन्यजीवों का दिखना सामान्य प्रक्रिया है। इस घटना के बाद स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि गंगरेल मार्ग पर ‘वन्यजीव चेतावनी संकेत’ (Sign Boards) लगाए जाएं, ताकि पर्यटक और वाहन चालक सतर्क रहें और वन्यजीवों के साथ दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

omdarpanprmot-01
previous arrow
next arrow