Search
Close this search box.
Search
Close this search box.

डेंगू-मलेरिया पर निगम का प्रहार, खुर्सीपार में चला संयुक्त अभियान

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

Listen to this article

  • जोन-3 और 4 में स्वास्थ्य विभाग के साथ संयुक्त कार्रवाई

  • नालियों में कीटनाशक का छिड़काव, बांटे पाम्पलेट्स

भिलाई नगर (रवि कुमार भास्कर)।

मौसमी बीमारियों और मच्छर जनित रोगों के खतरे को देखते हुए नगर पालिक निगम भिलाई और जिला मलेरिया विभाग ने रोकथाम की कवायद तेज कर दी है। इसी कड़ी में जोन-4 और जोन-3 क्षेत्र में विशेष मच्छर उन्मूलन अभियान चलाया गया। निगम के वरिष्ठ स्वच्छता निरीक्षक के.के. सिंह के नेतृत्व में विशेष दस्ते और मलेरिया विभाग के सर्वेलेंस कार्यकर्ताओं की संयुक्त टीम ने सघन जांच की।

चर्च के पीछे बस्ती में घर-घर दस्तक

संयुक्त टीम ने मुख्य रूप से जोन-4 के तहत आने वाले वार्ड-48 खुर्सीपार, कबीर मंदिर के पास स्थित चर्च के पीछे की बस्ती को केंद्र में रखकर कार्रवाई की। टीम ने घर-घर जाकर कूलर, पानी की टंकियों, ड्रम और बेकार पड़े कंटेनरों की जांच की। निरीक्षण के दौरान जिन स्थानों पर पुराना और जमा हुआ पानी पाया गया, उसे मौके पर ही खाली कराया गया ताकि लार्वा पनपने के स्रोत को पूरी तरह नष्ट किया जा सके।

रसायनों का छिड़काव और उपचार

मच्छरों की रोकथाम के लिए टीम ने दोहरी रणनीति अपनाई:

  1. लार्वा नियंत्रण: रुके हुए पानी में लार्वा को खत्म करने के लिए स्प्रेयर पंप के माध्यम से पानी मिश्रित ‘एक्यूगार्ड’ का छिड़काव किया गया।

  2. व्यस्क मच्छर नियंत्रण: उड़ने वाले व्यस्क मच्छरों को मारने के लिए पानी मिश्रित ‘मैलाथियान’ का छिड़काव किया गया। इसके अलावा, मोहल्ले की पक्की और कच्ची नालियों में जमा पानी को भी इन्हीं रसायनों से उपचारित किया गया।

लोगों को किया जागरूक

कार्रवाई के दौरान निगम और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने रहवासियों को स्वास्थ्य शिक्षा भी दी। लोगों को डेंगू और मलेरिया के लक्षण व बचाव के उपाय बताए गए। जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पाम्पलेट का वितरण किया गया और नागरिकों से अपील की गई कि वे अपने घर और आसपास के क्षेत्र को सूखा व साफ रखें।


news paper editing
previous arrow
next arrow