Search
Close this search box.
Search
Close this search box.

भिलाई में बाबा बागेश्वर की हनुमंत कथा का शंखनाद: जयंती स्टेडियम में फहराया भगवा, डिप्टी सीएम बोले- सुरक्षा और सुविधाओं में नहीं होगी कमी

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

Listen to this article

  • 25 से 29 दिसंबर तक सजेगा धीरेंद्र शास्त्री का दरबार

  • भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और सरोज पांडेय ने किया भूमि पूजन

भिलाई (रोहितास सिंह भुवाल)।

ट्विन सिटी भिलाई के जयंती स्टेडियम में होने वाली पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की ‘दिव्य हनुमंत कथा’ की औपचारिक तैयारियां शुरू हो गई हैं। रविवार को आयोजन स्थल पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच ध्वज पूजन समारोह संपन्न हुआ। इस दौरान पूरा मैदान ‘जय श्रीराम’ और ‘जय हनुमान’ के जयकारों से गूंज उठा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडेय और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने विधि-विधान से हनुमान जी का भगवा ध्वज फहराकर कथा की तैयारियों का श्रीगणेश किया।

वैदिक रीति से पूजन, 11 पंडितों ने किया पाठ

सेवा समर्पण संस्था के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में आचार्य कान्हा जी महाराज के नेतृत्व में 11 पंडितों के समूह ने पूजन कराया। अतिथियों ने धरा (भूमि) पूजन और ध्वज पूजन के बाद गणेश पूजन किया। इसके पश्चात सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ और महाआरती की गई। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित श्रद्धालुओं ने महाप्रसादी ग्रहण की। आयोजन समिति के संयोजक राकेश पांडेय और अध्यक्ष पंडित वीरेंद्र शुक्ला ने बताया कि ध्वज पूजन के साथ ही अब मैदानी तैयारियां युद्धस्तर पर शुरू कर दी गई हैं।

सनातन की एकजुटता के लिए कथा अहम: किरण देव

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र शास्त्री की कथा देश-दुनिया में प्रासंगिक है। वे सनातन धर्म के विस्तार और हिंदुओं की एकजुटता के लिए अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि 25 से 29 दिसंबर तक होने वाले इस आयोजन को लेकर न केवल दुर्ग-भिलाई, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लोगों में भारी उत्साह है।

प्रशासन मुस्तैद, अधिकारियों को निर्देश जारी

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कथा स्थल का जायजा लिया और स्पष्ट किया कि आयोजन में प्रशासनिक स्तर पर कोई कोताही नहीं बरती जाएगी। शर्मा ने कहा कि लाखों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन को कड़े निर्देश दिए गए हैं। बिजली, पानी, सुचारू यातायात व्यवस्था, साफ-सफाई और चिकित्सा जैसी मूलभूत सुविधाओं की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, ताकि किसी भी श्रद्धालु को परेशानी न हो।

 ध्वज पूजन कार्यक्रम में भाजपा संभाग प्रभारी जगन्नाथ पाणिग्रही, भिलाई जिला भाजपा अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन, दुर्ग जिला अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक, पूर्व कैबिनेट मंत्री रमशीला साहू, पूर्व विधायक सांवलाराम डाहरे, पूर्व महापौर चंद्रिका चंद्राकर, ऊषा टावरी, माया बेलचंदन, समाज सेवी बसंत अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में आयोजक समिति के सदस्य और स्थानीय नागरिक मौजूद थे।

news paper editing
previous arrow
next arrow