मैनपाट/सरगुजा।
कुदरत की गोद में बसे ‘छत्तीसगढ़ के शिमला’ मैनपाट में आज तीन दिवसीय मैनपाट महोत्सव का रंगारंग आगाज हुआ। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने महोत्सव का शुभारंभ करते हुए सरगुजा जिले को 523 करोड़ 20 लाख रुपए के 109 विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी। इनमें 429 करोड़ 11 लाख रुपए के 81 कार्यों का भूमिपूजन और 94 करोड़ 9 लाख रुपए के 28 कार्यों का लोकार्पण शामिल है।
समारोह में मुख्यमंत्री साय ने मैनपाट में पर्यटन सुविधाओं के विकास के लिए 1 करोड़ रुपए और सीतापुर में सर्व सुविधायुक्त बस स्टैंड निर्माण की अहम घोषणा की। जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि यह महोत्सव सरगुजा की संस्कृति और अस्मिता का दर्पण है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ-सबका विकास’ के मूलमंत्र को दोहराते हुए कहा कि महतारी वंदन योजना से 70 लाख महिलाओं को सीधा लाभ मिल रहा है और प्रदेश तेजी से नक्सलवाद से मुक्त हो रहा है।
कार्यक्रम में पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि सरकार पर्यटन स्थलों के समग्र विकास और रोजगार सृजन पर गंभीरता से कार्य कर रही है। विधायक रामकुमार टोप्पो ने महोत्सव को जन-गौरव और प्रकृति प्रेम का उत्सव बताया, वहीं विधायक प्रबोध मिंज ने कहा कि 500 करोड़ से अधिक के ये कार्य क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को नई गति देंगे। इससे पूर्व, तिब्बती समुदाय ने पारंपरिक ‘ताशी शोपा’ नृत्य के साथ अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया।






