Search
Close this search box.
Search
Close this search box.

मंत्री गजेन्द्र यादव ने ली दुर्ग के विकास कार्यों की समीक्षा बैठक

Minister Gajendra Yadav

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

  • 500 करोड़ के प्रोजेक्ट्स पर की चर्चा

  • जेल तिराहा-मिनीमाता चौक पर बनेंगे फ्लाईओवर

दुर्ग। राज्य शासन के लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा स्वीकृत विकास कार्यों की शिक्षा, ग्रामोद्योग एवं विधि विधायी मंत्री गजेन्द्र यादव ने समीक्षा की। दुर्ग के PWD सभागार में आयोजित इस बैठक में मंत्री ने अधिकारियों और अभियंताओं को निर्माण कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन से स्वीकृत नए कार्यों को शीघ्र प्रारंभ किया जाए ताकि जनता को जल्द इनका लाभ मिल सके।

दुर्ग के विकास के लिए 500 करोड़ स्वीकृत

मंत्री गजेन्द्र यादव ने बताया कि दुर्ग शहर के सर्वांगीण विकास के लिए राज्य शासन ने 2 वर्षों में लगभग 500 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शहर में बढ़ती हैवी ट्रैफिक की समस्या को नियंत्रित करने और सुविधाओं को बढ़ाने के लिए विभिन्न सड़कों के चौड़ीकरण व नवनिर्माण के लिए राशि जारी की है। वर्ष 2025-26 के बजट में शामिल विकास कार्यों को शीघ्र प्रारंभ करने को कहा गया है।

बाधाओं को दूर कर मुआवजा बांटने के निर्देश

बैठक में निर्माण से जुड़ी विभिन्न बाधाओं जैसे भू-अर्जन आपत्ति, नगर निगम की जिम्मेदारी, अतिक्रमण हटाना, राष्ट्रीय राजमार्ग के कार्य, निविदा (टेंडर) प्रक्रिया, बिजली पोल और पाइपलाइन शिफ्टिंग पर विस्तार से चर्चा हुई। मंत्री ने सड़क चौड़ीकरण के दौरान प्रभावित होने वाले मकानों की मुआवजा राशि का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए हैं ताकि कार्य में कोई रुकावट न आए।

इन प्रमुख प्रोजेक्ट्स पर हुई चर्चा

समीक्षा बैठक में कई अहम प्रोजेक्ट्स की वर्तमान स्थिति का मूल्यांकन किया गया। इनमें प्रमुख रूप से:

  • जेल तिराहा से मिनीमाता चौक तक सड़क चौड़ीकरण, यूटिलिटी शिफ्टिंग व दो स्थानों पर फ्लाईओवर ब्रिज निर्माण।

  • महाराजा चौक से बोरसी तक फोरलेन सड़क निर्माण।

  • चंडी मंदिर से नयापारा मार्ग का चौड़ीकरण एवं पुनर्निर्माण।

  • दुर्ग-धमधा-बेमेतरा अंडर ब्रिज से अग्रसेन चौक तक फोरलेन मार्ग।

  • बघेरा से आनंद सरोवर होते हुए बायपास पहुंच मार्ग।

  • साइंस कॉलेज का अधूरा ऑडिटोरियम और संभाग मुख्यालय में ऑडिटोरियम निर्माण।

  • जिला अस्पताल में सर्जिकल विंग, वेटनरी कॉलेज में हॉस्टल और न्यायालयीन कर्मचारियों के लिए आवास।

  • कृषि विभाग भवन, जिला सहकारी बैंक का नया भवन, आबकारी नियंत्रण कक्ष और नगर सेना कार्यालय में बैरक निर्माण।

 समीक्षा बैठक में कलेक्टर अभिजीत सिंह, PWD अधीक्षण अभियंता बीके पटोरिया, दुर्ग निगम आयुक्त सुमित अग्रवाल और एसडीएम हरिवंश मिरी सहित निर्माण कार्य से संबंधित विभिन्न विभागों के अधिकारी और अभियंता मौजूद रहे।

omdarpanprmot-01
previous arrow
next arrow