भिलाई (ओमदर्पण न्यूज़)।
छत्तीसगढ़ के भिलाई में कुश्ती का प्रथम महाकुंभ यानी ‘राष्ट्रीय अंडर-20 नेशनल चैंपियनशिप 2026’ का शानदार आगाज आज (10 अप्रैल) से हो चुका है। सिविक सेंटर स्थित जयंती स्टेडियम में 10 से 12 अप्रैल तक चलने वाली इस रोमांचक प्रतियोगिता में देशभर के युवा पहलवान अपना दांव-पेंच दिखा रहे हैं।
इस भव्य राष्ट्रीय आयोजन में 28 राज्यों के लगभग 1100 पहलवान हिस्सा ले रहे हैं। ये सभी पहलवान 90 मेडल और 1 प्रतिष्ठित ट्रॉफी पर कब्जा जमाने के लिए मैट पर पसीना बहा रहे हैं। छत्तीसगढ़ में इस स्तर की कुश्ती प्रतियोगिता का यह पहला मौका है, जिसे लेकर खेल प्रेमियों और स्थानीय लोगों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
पूर्व WFI अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह पहुंचे
इस राष्ट्रीय आयोजन में भारतीय कुश्ती संघ (WFI) के पूर्व अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के गोंडा लोकसभा क्षेत्र के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह भी विशेष रूप से उपस्थित हुए। आयोजन के दौरान भिलाई जिला के भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के महामंत्री अब्दुल नासिर ने उनसे सौजन्य मुलाकात की। इस गरिमामयी अवसर पर खेल जगत की कई अन्य हस्तियां, आयोजक मंडल के सदस्य और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। तीन दिनों तक चलने वाले इस खेल महाकुंभ में कुश्ती के कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।









