दुर्ग (ओमदर्पण न्यूज़)।
छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी द्वारा हज यात्रा-2026 के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन स्वामी विवेकानंद सभागार, दुर्ग में किया गया। इस शिविर में हज यात्रियों को यात्रा के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों, नियमों और व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद विजय बघेल रहे, जबकि अध्यक्षता छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी के अध्यक्ष मिर्जा एजाज बेग ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में महापौर अलका वाघमार उपस्थित रहीं।
दुर्ग से इस वर्ष 260 यात्री शामिल
हज कमेटी के अध्यक्ष मिर्जा एजाज बेग ने अपने संबोधन में बताया कि हज यात्रा के दौरान नियमों की जानकारी होना बेहद आवश्यक है। उन्होंने जानकारी दी कि छत्तीसगढ़ से इस वर्ष बड़ी संख्या में जायरीन हज पर जा रहे हैं, जिनमें अकेले दुर्ग जिले से लगभग 260 यात्री शामिल हैं। उन्होंने यह भी कहा कि ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया से अब यात्रियों को काफी सुविधा हुई है और राज्य सरकार यात्रियों की सुविधाओं के लिए गंभीर है।
हिंदू-मुस्लिम एकता भारत की ताकत: विजय बघेल
मुख्य अतिथि सांसद विजय बघेल ने हाजियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत की असली पहचान यहां की हिंदू-मुस्लिम एकता है। उन्होंने कहा कि आज विश्वभर में भारत का मान बढ़ा है और भारतीयों को सम्मान की दृष्टि से देखा जाता है। उन्होंने हज पर जाने वाले सभी यात्रियों से अपील की कि वे मुकद्दस सफर के दौरान अपने देश और परिवार की खुशहाली व अमन-चैन के लिए दुआ करें।
स्वास्थ्य परीक्षण और व्यवस्थाओं पर जोर
महापौर अलका वाघमार ने केंद्र सरकार द्वारा हज यात्रियों के लिए की गई व्यवस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त किया। वहीं सुरेन्द्र कौशिक ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य हाजियों का स्वास्थ्य परीक्षण करना और उन्हें सफर की बारीकियों से अवगत कराना है।
कार्यक्रम के दौरान सुरेन्द्र कौशिक, रजा खोखर, गायत्री वर्मा, हाजी कासिम, आरिफ अली, ज्योति वर्मा, हैदर अली, खालिद रिजवी और अमजद अली सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और हज यात्री उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी हाजियों को उनकी सफल और सुरक्षित यात्रा के लिए शुभकामनाएं दी गईं।








