महासमुंद (ओमदर्पण न्यूज़)।
प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों को देखते हुए बिलासपुर की तर्ज पर अब महासमुंद में भी नागरिकों को राहत देने की मांग उठने लगी है। भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अशवंत तुषार साहू ने शहर में दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक सभी ट्रैफिक सिग्नलों को अस्थाई रूप से बंद करने की मांग की है।
अशवंत तुषार साहू ने कहा कि इस चिलचिलाती धूप में रेड सिग्नल पर दोपहिया वाहन चालकों का खड़ा होना किसी सजा से कम नहीं है। दोपहर के वक्त सिग्नल बंद करने का मुख्य उद्देश्य बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगों, बीमार व्यक्तियों और आम जनता को अत्यधिक गर्मी और लू के थपेड़ों से राहत प्रदान करना है।
सिग्नल बंद रहने पर भी नियमों के पालन की अपील
तुषार साहू ने नागरिकों से अपील की है कि यदि यह व्यवस्था लागू होती है और सिग्नल बंद रहते हैं, तब भी वाहन चालक ट्रैफिक नियमों और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करें। चौराहे पर वाहन की गति धीमी रखें ताकि शहर में सुरक्षित और सुगम यातायात सुनिश्चित किया जा सके।
उन्होंने विशेष रूप से अनुरोध किया है कि सिग्नल बंद होने की स्थिति में महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगों को चौराहे पार करने में प्राथमिकता दें, ताकि उन्हें बीच सड़क पर लू का सामना न करना पड़े। साथ ही, गर्मी से बचाव के लिए चिकित्सकों द्वारा दिए गए स्वास्थ्य सुरक्षा सुझावों का भी पालन करने की सलाह दी गई है।
लू लगने पर मिलेगी तत्काल सहायता
इस मांग के साथ ही यह जानकारी भी दी गई है कि गर्मी या लू के कारण सफर के दौरान किसी भी नागरिक को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होती है, तो वे तत्काल चौराहे पर तैनात यातायात अधिकारियों या कर्मचारियों से संपर्क कर सकते हैं। ऐसे यात्रियों को ट्रैफिक कंट्रोल रूम के माध्यम से तत्काल चिकित्सा सहायता और आवश्यक मदद उपलब्ध कराई जाएगी।






