भिलाई (ओमदर्पण न्यूज़)।
वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक रिकेश सेन ने क्षेत्र की बेटियों के लिए एक अनूठी पहल की शुरुआत की है। 1 मई से लिए गए अपने विशेष संकल्प के तहत वे क्षेत्र में जन्म लेने वाली हर बेटी के ‘चाचा’ बनकर उसका स्वागत कर रहे हैं। इसी कड़ी में गुरुवार को अपनी ‘मां-शिशु सुरक्षा कवच’ मुहिम के तहत विधायक रिकेश सेन वार्ड-21 निवासी शाहनियाज आलम और शबनम खातून के घर पहुंचे।
यहां उन्होंने दंपती की नवजात बेटी, जिसे परिवार ने प्यार से ‘लाडो’ नाम दिया है, को गोद में लेकर अपना स्नेह और आशीर्वाद प्रदान किया और परिवार को इस खुशी के अवसर पर बधाई दी।
11 हजार रुपये मूल्य की ‘मां का दुलार’ किट भेंट की
इस अवसर पर विधायक रिकेश सेन ने नवजात बच्ची के परिवार को उपहार स्वरूप ‘मां का दुलार’ किट भेंट की। यह एक विशेष गिफ्ट ट्रॉली सूटकेस है, जिसमें नवजात शिशु और मां की जरूरत का हर सामान मौजूद है। इस सूटकेस में ब्रांडेड कपड़े, बिस्तर और स्वच्छता से जुड़ी 25 से अधिक वस्तुएं शामिल हैं। बाजार में इस पूरी किट की कीमत लगभग 11,000 रुपये है।
संसाधनों की कमी मुस्कान के आड़े न आए
बच्ची के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विधायक रिकेश सेन ने कहा कि वैशाली नगर विधानसभा में जन्म लेने वाली हर बेटी उनकी अपनी भतीजी है। संसाधनों की कमी उनकी मुस्कान के आड़े नहीं आनी चाहिए। उन्होंने बताया कि ‘मां-शिशु सुरक्षा कवच’ मुहिम इसी दिशा में किया गया एक छोटा सा प्रयास है। इसका मुख्य उद्देश्य यह है कि संसाधनों की कमी के कारण किसी भी मां या शिशु को असुविधा न हो और समाज में बेटियों के जन्म को एक उत्सव की तरह मनाया जाए।
विधायक की इस संवेदनशीलता और अनूठी पहल को देखकर शाहनियाज आलम और शबनम खातून ने उनके प्रति गहरा आभार व्यक्त किया। क्षेत्र में भी विधायक के इस कदम की सराहना की जा रही है।











