रायपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) में लगातार तीन प्रश्नपत्र लीक होने के बाद परीक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। पेपर लीक के चलते स्थगित की गई परीक्षाएं अब 7, 8 और 9 सितंबर को आयोजित की जाएंगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने प्रश्नपत्रों की गोपनीयता और वितरण के लिए नई प्रक्रिया लागू की है। अब कॉलेजों को पारंपरिक सीलबंद पैकेट के बजाय पासवर्ड प्रोटेक्टेड ई-मेल के माध्यम से प्रश्नपत्र भेजे जाएंगे।
नई व्यवस्था के तहत संबंधित कॉलेजों को प्रश्नपत्र ई-मेल पर उपलब्ध करा दिए जाएंगे, लेकिन उन्हें खोलने का पासवर्ड परीक्षा शुरू होने से कुछ समय पहले ही दिया जाएगा। बिना पासवर्ड के पेपर एक्सेस करना संभव नहीं होगा।
व्हाट्सएप पर वायरल हुए थे तीन पेपर
पिछले महीने दुर्ग स्थित एक निजी कॉलेज से बीएससी कृषि के तीन विषयों के प्रश्नपत्र परीक्षा से कुछ घंटे पहले व्हाट्सएप पर वायरल हो गए थे। इनमें एंटोमोलॉजी, प्लांट पैथोलॉजी और फंडामेंटल्स ऑफ जेनेटिक्स के पेपर शामिल थे।
इस मामले में पुलिस ने दुर्ग के संबंधित कॉलेज के एक प्रोफेसर और कुछ विद्यार्थियों को दबोचा था। गड़बड़ी सामने आने के बाद विश्वविद्यालय ने दो महिला ऑब्जर्वर को निलंबित कर दिया और स्नातक परीक्षा प्रभारी पर गाज गिरी।
कमेटी की मौजूदगी में वीडियोग्राफी
अब परीक्षा केंद्रों पर प्रश्नपत्र खोलने की प्रक्रिया निर्धारित कमेटी की मौजूदगी में होगी। इस दौरान पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाएगी ताकि सुरक्षा का रिकॉर्ड रहे। 7 सितंबर से शुरू हो रही परीक्षाएं इस नई डिजिटल सुरक्षा प्रणाली की पहली परीक्षा होंगी।








