-
मौदहापारा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हत्या के मामले में पहले भी जेल जा चुका है आरोपी अंकित नेताम
✍️ विशेष संवाददाता
रायपुर | राजधानी रायपुर के व्यस्त इलाके में उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक युवक सरेराह तलवार लहराकर लोगों को धमकाने लगा। एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट और थाना मौदहापारा पुलिस की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान अंकित नेताम के रूप में हुई है, जो सार्वजनिक स्थान पर धारदार हथियार का प्रदर्शन कर आम जनता के मन में डर पैदा कर रहा था।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल
यह पूरी घटना 05 सितंबर 2026 की है। पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि शहीद स्मारक के पास एक संदिग्ध व्यक्ति हाथ में लोहे की धारदार तलवार लिए हुए है और वहां से गुजरने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने बिना समय गवाए मौके पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी शुरू की।
भागने की कोशिश हुई नाकाम, आरोपी गिरफ्तार
पुलिस टीम को अपनी ओर आता देख आरोपी ने मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद जवानों ने उसे चारों तरफ से घेरकर पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अंकित नेताम, पिता अमित नेताम बताया। वह गोढ़पारा छेरीखेड़ी, थाना मंदिर हसौद, जिला रायपुर का निवासी है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध लोहे की धारदार तलवार बरामद कर उसे जब्त कर लिया है।
हत्या के मामले में पहले भी काट चुका है जेल
पुलिस जांच में आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। आरोपी अंकित नेताम आदतन अपराधी है और इससे पहले थाना तिल्दा-नेवरा के एक हत्या के प्रकरण में जेल में निरुद्ध रह चुका है। इस ताजा मामले में थाना मौदहापारा में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 143/26 और आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की गई है।








