-
छपार थाना क्षेत्र में वारदात के बाद बदहवास मिली पीड़िता
-
मंत्री ने पीड़ित परिवार से मिलकर सख्त एक्शन के दिए निर्देश
✍️ विशेष संवाददाता
मुजफ्फरनगर | उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में जन्माष्टमी के पावन पर्व पर एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया है। यहां के छपार थाना क्षेत्र में 4 सितंबर की रात मंदिर जा रही एक 14 साल की नाबालिग लड़की के साथ दरिंदगी की गई। इस खौफनाक घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
मंदिर के रास्ते से किया अपहरण, घर में ले जाकर की दरिंदगी
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित किशोरी जन्माष्टमी की रात अपने घर से मंदिर के लिए निकली थी। आरोप है कि रास्ते में ही गांव के रहने वाले समीर नाम के युवक ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर लड़की को उठा लिया। आरोपी उसे जबरन अपने घर के एक कमरे में ले गया, जहां समीर ने उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। काफी देर तक जब लड़की घर नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। वह आरोपी समीर के घर में बदहवास हालत में मिली, जिसके बाद उसने अपनी आपबीती सुनाई।
मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने दिलाया इंसाफ का भरोसा
घटना की सूचना मिलते ही पीड़ित परिवार ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर मुख्य आरोपी समीर को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है। इस बीच, उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री कपिल देव अग्रवाल पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और उन्हें सांत्वना दी। मंत्री ने पुलिस के आला अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इस मामले में किसी भी स्तर पर ढिलाई न बरती जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त एक्शन लिया जाए।








