
भिलाई (रवि कुमार भास्कर)।
नगर निगम भिलाई के महापौर नीरज पाल की दूरदृष्टि और समर्पण से खिलाड़ियों के लिए बेहतरीन खेल मैदानों का निर्माण किया जा रहा है। महापौर ने नगर निगम क्षेत्र के सभी वार्डों में बैडमिंटन ग्राउंड बनाने के लिए अपने महापौर निधि से ₹10 लाख प्रति वार्ड का सुझाव दिया था। अधिकांश वार्ड पार्षदों ने अपनी निधि से ₹4 लाख व महापौर निधि से ₹6 लाख का सहयोग कर इन बैडमिंटन ग्राउंड्स का निर्माण करवाया।

हालांकि, कुछ वार्डों में भूमि की अनुपलब्धता के कारण बैडमिंटन ग्राउंड नहीं बन सके। ऐसे वार्डों की बची हुई राशि से नगर निगम के चारों जोन में आधुनिक और बहुउद्देश्यीय खेल मैदान तैयार किए जा रहे हैं। इन मैदानों की कुल लागत ₹2 करोड़ 44 लाख है।
जोन क्रमांक 1 के वार्ड क्रमांक 5 में 25 × 40 मीटर के मैदान पर ₹64 लाख की लागत से निर्माण हो रहा है। जोन क्रमांक 2 में हाउसिंग बोर्ड स्टेडियम के पीछे 20 × 30 मीटर क्षेत्रफल का मैदान ₹40 लाख की लागत से तैयार किया जा रहा है। जोन क्रमांक 3 में घासीदास उद्यान, सेक्टर-2, एवेन्यू सी के बगल में 25 × 40 मीटर का खेल मैदान ₹70 लाख की लागत से बन रहा है। जोन क्रमांक 4 में श्रीराम चौक मैदान के डोम के पास 25 × 45 मीटर क्षेत्रफल का मैदान ₹70 लाख की लागत से तैयार किया जा रहा है।
इन खेल मैदानों की विशेषताएं उन्हें अद्वितीय बनाती हैं। इनमें फुटसाल, बॉक्स क्रिकेट, बैडमिंटन, मिनी हॉकी और अन्य खेलों के लिए प्रावधान किया गया है। मैदान के चारों ओर तार फेंसिंग और नेट की जाली लगाई जा रही है ताकि खेल के दौरान गेंद बाहर न जाए। स्ट्रोट्रफस घास, एलईडी लाइट्स और खिलाड़ियों के बैठने की बेहतर सुविधाएं यहां उपलब्ध होंगी।
महापौर नीरज पाल ने कहा कि इन खेल मैदानों से भिलाई के खिलाड़ियों को उत्कृष्ट अवसर मिलेंगे। महिला और पुरुष वर्ग दोनों के लिए प्रैक्टिस की व्यवस्था होगी। स्थानीय कोचों द्वारा खिलाड़ियों को मार्गदर्शन दिया जाएगा, जिससे भिलाई से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार हो सकें।
नगर निगम भिलाई की इस पहल को खिलाड़ियों और स्थानीय निवासियों द्वारा खूब सराहा जा रहा है।






