रायपुर।
रायपुर नगर निगम क्षेत्र में अवैध प्लाटिंग के खिलाफ जिला प्रशासन ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की है। माना-धनेली क्षेत्र में चल रही अवैध प्लाटिंग को लेकर स्थानीय लोगों से लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। इन शिकायतों के बाद एसडीएम नंद कुमार चौबे ने मामले का संज्ञान लिया और अवैध प्लाटिंग को तुरंत हटवाया।
सूत्रों के अनुसार, प्रशासन ने सीसी रोड और मुरुम के सड़क को बुलडोजर से तोड़ दिया। स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया था कि बिना अनुमति के अवैध तरीके से जमीन की प्लाटिंग की जा रही थी।
पिछले दिनों कलेक्टर गौरव सिंह ने जिले के राजस्व अमला और नगर निगम जोन कमिश्नर की बैठक में अवैध प्लाटिंग को रोकने के लिए सख्त निर्देश दिए थे। बैठक में यह भी तय किया गया था कि सभी अवैध निर्माणों का स्थल पंचनामा किया जाए, फोटो खींचे जाएं और अवैध कॉलोनियों के खिलाफ FIR दर्ज की जाए।
इस कार्रवाई के दौरान तहसीलदार तुलसी राठौर और क्षेत्रीय पटवारी भी मौके पर मौजूद रहे।










