दुर्ग (रोहितास सिंह भुवाल)।
मुख्यमंत्री समग्र ग्रामीण विकास योजना के तहत 2024-2025 में अधोसंरचना निर्माण कार्यों के लिए शासन द्वारा 49.40 लाख रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है। इस राशि से दुर्ग जिले की 7 ग्राम पंचायतों में सी.सी. रोड का निर्माण होगा। जिला पंचायत दुर्ग के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अश्वनी देवांगन से प्राप्त जानकारी के अनुसार, विकासखण्ड दुर्ग के ग्राम पीपरछेड़ी में 4 स्थानों पर सी.सी. रोड निर्माण हेतु 10.40 लाख रुपए की स्वीकृति दी गई है। इसके अलावा, ग्राम उमरपोटी में 5 स्थानों पर 13 लाख रुपए का प्रावधान किया गया है।
इसके साथ ही, ग्राम पंचायत चंदखुरी, कोनारी, धनोरा, बासीन और खेदामारा में 2-2 स्थानों पर सी.सी. रोड के निर्माण के लिए प्रत्येक पंचायत को 5.20 लाख रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई है। इन सभी कार्यों के संपादन का जिम्मा संबंधित ग्राम पंचायतों को सौंपा गया है, जो कार्यकारी एजेंसी के रूप में काम करेंगी।










