भिलाई-3 (ओमदर्पण न्यूज़)।
छत्तीसगढ़ शासन द्वारा सुषमा जेठानी को छत्तीसगढ़ सिंधी अकादमी का अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर पूरे अहिवारा क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। उनकी इस महत्वपूर्ण नियुक्ति पर भिलाई-3 के उमदा स्थित लक्ष्मी मैरिज पैलेस में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि और समाज के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए।
सिंधी समाज की संस्कृति को मिलेगी नई पहचान: कोर्सेवाड़ा
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ अनुसूचित जाति आयोग के उपाध्यक्ष (कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त) और अहिवारा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा उपस्थित रहे। उन्होंने सुषमा जेठानी को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके कुशल नेतृत्व में सिंधी समाज की कला और संस्कृति को एक नई और सशक्त पहचान मिलेगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष राकेश पाण्डेय ने की।
विशिष्ट अतिथि के रूप में भिलाई भाजपा अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन, उपाध्यक्ष नटवर ताम्रकार, सतीश साहू और जेवरा मंडल अध्यक्ष घनश्याम साहू ने कार्यक्रम में शिरकत की।
इसके अलावा सम्मान समारोह में नंदकठी की सरपंच सुशीला साहू, केशर गौर, सचिंद्र राजपूत, जेवरा सिरसा मंडल की महिला मोर्चा अध्यक्ष लक्ष्मी कुंभकार, दुर्ग जिला जनपद पंचायत सभापति जितेंद्र यादव, जनपद सदस्य एवं सभापति प्रतिभा देवांगन, जनपद सदस्य पूर्णिमा वर्मा और संतोष धनकर सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग, भाजपा कार्यकर्ता और शुभचिंतक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान सभी वक्ताओं ने सुषमा जेठानी की नियुक्ति पर उत्साह व्यक्त किया और उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की। इस भव्य समारोह का आयोजन समस्त कार्यकर्ताओं एवं शुभचिंतकों के सहयोग से किया गया।











