श्रीनगर। पहलगाम हमले के जवाब में भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत बड़ी सैन्य कार्रवाई को अंजाम दिया है। इस ऑपरेशन में पाकिस्तान और गुलाम जम्मू-कश्मीर (PoK) में स्थित लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद के नौ ठिकानों को मिसाइलों से निशाना बनाते हुए ध्वस्त कर दिया गया।
भारतीय सेना और वायुसेना की संयुक्त कार्रवाई में पाकिस्तान के दो सबसे कुख्यात आतंकी संगठनों—लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद—के मुख्यालयों को पूरी तरह तबाह कर दिया गया। ये ठिकाने हाफिज सईद और मसूद अजहर जैसे आतंकी सरगनाओं के सबसे सुरक्षित ठिकानों में गिने जाते थे।
ऑपरेशन की सफलता के बाद संसद भवन में सर्वदलीय बैठक बुलाई गई, जिसकी अध्यक्षता केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने की। बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत कई विपक्षी नेता मौजूद रहे। राजनाथ सिंह ने बताया कि ऑपरेशन में लगभग 100 आतंकी मारे गए हैं।
असदुद्दीन ओवैसी का बयान: TRF पर वैश्विक अभियान की मांग
AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने ऑपरेशन सिंदूर की सराहना करते हुए कहा कि TRF के खिलाफ वैश्विक स्तर पर अभियान चलाया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि भारत को अमेरिका से TRF को आतंकी संगठन घोषित करने की अपील करनी चाहिए और साथ ही पाकिस्तान को FATF की ग्रे-लिस्ट में डालने के लिए कोशिशें तेज करनी चाहिए।
सभी दलों का सहयोग: किरेन रिजिजू
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि सभी नेताओं ने इस संवेदनशील समय में परिपक्वता दिखाई और एक स्वर में ऑपरेशन सिंदूर के लिए सशस्त्र बलों को बधाई दी।
राहुल गांधी बोले: सरकार को पूरा समर्थन
राहुल गांधी ने कहा, “हमने सरकार को अपना पूरा समर्थन दिया है।” उन्होंने यह भी जोड़ा कि कुछ मुद्दों पर सरकार ने चर्चा न करने की बात कही, लेकिन सभी दलों ने सहयोग किया।
नवीन पटनायक और संजय सिंह की प्रतिक्रिया
बीजद अध्यक्ष नवीन पटनायक ने कहा कि वह भारतीय सशस्त्र बलों को सफल कार्रवाई के लिए पूरे दिल से बधाई देते हैं।
आप सांसद संजय सिंह ने कहा कि यह ऑपरेशन पाकिस्तान को एक बड़ा संदेश है, और सेना की रणनीति की जानकारी सभी दलों को दी गई।
सेना के लिए समर्थन में बोले पूर्व सैनिक
पूर्व सैनिक राज सिंह चरक ने कहा कि 22 अप्रैल के आतंकी हमले के बाद पूरे देश का खून खौल रहा था। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिक फिर से देश सेवा को तैयार हैं।
सीमावर्ती गांवों में लौटी हलचल
राजौरी के सीमावर्ती गांवों में बुधवार की भारी गोलाबारी के बाद दहशत में घर छोड़ चुके लोग गुरुवार को वापस लौटने लगे हैं।
डॉक्टरों को 24×7 ड्यूटी पर रहने का निर्देश
चंडीगढ़ के AAM और UAAM में कार्यरत चिकित्सा अधिकारियों और स्टाफ की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। सभी को 24 घंटे आपातकालीन ड्यूटी के लिए तैयार रहने का आदेश मिला है।
पाकिस्तान ने फिर की फायरिंग
कुपवाड़ा जिले के एलओसी पर गुरुवार को पाकिस्तान ने लगातार दूसरे दिन फायरिंग की, जिसका भारतीय सेना ने मुंहतोड़ जवाब दिया।
यूक्रेन की अपील: संयम बरतें भारत और पाकिस्तान
यूक्रेन के विदेश मंत्रालय ने बयान जारी करते हुए भारत और पाकिस्तान से संयम बरतने और कूटनीतिक समाधान को प्राथमिकता देने की अपील की है।






