अंबिकापुर।
अंबिकापुर नगर निगम चुनाव को लेकर कांग्रेस और भाजपा ने बुधवार को अपने-अपने घोषणापत्र जारी किए हैं। कांग्रेस ने राजीव भवन में पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव की मौजूदगी में “जन घोषणा पत्र” पेश किया। इस अवसर पर टीएस सिंहदेव ने कहा कि यह घोषणा पत्र छत्तीसगढ़ के संदर्भ में सामान्य रूप से तैयार किया गया है और पीसीसी की घोषणा पत्र समिति द्वारा इसे संकलित किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि नगरीय निकाय चुनाव के लिए एक अलग घोषणा पत्र भी आ सकता है। साथ ही वार्डों के लिए अलग से घोषणा पत्र जारी होगा। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि भाजपा, कांग्रेस द्वारा की गई योजनाओं को अपनाकर प्रचारित कर रही है।
राहुल गांधी के 2019 के घोषणा पत्र में 72 हजार रुपए देने की बात की गई थी, वहीं प्रियंका गांधी ने 2024 के चुनाव में 5 गारंटियों का वादा किया था, जिसमें 1 लाख रुपए देने की बात की गई थी। भाजपा ने इन योजनाओं को अपने घोषणा पत्र में शामिल किया और सत्ता में रहते हुए उन्हें अपनाया। टीएस सिंहदेव ने भाजपा द्वारा चलाए जा रहे दुष्प्रचार का जवाब देते हुए कहा कि कांग्रेस द्वारा लागू की गई योजनाओं को बंद नहीं किया जाएगा, जैसे राशन योजना आज भी जारी है।
इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश गुप्ता, बालकृष्ण पाठक, जेपी श्रीवास्तव और अन्य पार्टी नेता भी मौजूद रहे।
वहीं, भाजपा ने अपने घोषणा पत्र में 31 बिंदुओं का उल्लेख किया है। कृषि मंत्री राम विचार नेताम ने बताया कि उनकी पार्टी का मुख्य लक्ष्य शहर के विकास के लिए योजनाओं को प्राथमिकता देना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 10 साल नगर निगम में शासन किया, लेकिन विकास कार्यों की गति धीमी रही। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासन काल में भ्रष्टाचार हुआ। भाजपा की घोषणा पत्र में यह भी कहा गया कि अमृत जल जीवन मिशन में हुए भ्रष्टाचार की जांच करवाई जाएगी।
भाजपा की ओर से जारी किए गए प्रमुख बिंदुओं में प्रधानमंत्री आवास योजना को तेजी से पूरा करना, शहर के प्रमुख मार्गों को फोरलेन से जोड़ना, नए रिंग रोड का निर्माण, अंबिकापुर को स्पोर्ट्स कैपिटल बनाने के लिए अंतर्राष्ट्रीय स्तर के स्टेडियम का निर्माण, स्मार्ट सीटी योजना, जल संकटग्रस्त क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल व्यवस्था की घोषणा की गई है।
कांग्रेस का घोषणा पत्र:

- तलाबों का संरक्षण व सौंदर्यकरण की विशेष पहल की जाएगी।
- महिलाओं के लिए चेजिंग रूम की व्यवस्था की जाएगी।
- शहरी व्यापारिक क्षेत्रों में महिला प्रसाधन की व्यवस्था।
- महिला सुरक्षा के लिए सीसी कैमरा लगाने की योजना।
- सर्व-सुविधायुक्त ऑटो रिक्शा और ई-रिक्शा के लिए पार्किंग और चार्जिंग की व्यवस्था।
- बीपीएल कार्डधारियों को श्रद्धांजलि राशि योजना में 5000 रुपए की राशि देने का वादा।
- निगम के अनियमित कर्मचारियों को नियमित करने की दिशा में प्रयास।
- सम्पत्तिकर और जल उपभोक्ता शुल्क का घर बैठे भुगतान की सुविधा।
भा.ज.पा. का घोषणा पत्र:

- प्रधानमंत्री आवास शहरी योजना के तहत रुके हुए घरों को पूरा किया जाएगा।
- पट्टा धारकों को भू-स्वामी बनाए जाने की योजना।
- शहर के प्रमुख मार्गों को फोरलेन से जोड़ा जाएगा।
- नया रिंग रोड निर्माण किया जाएगा।
- अंतर्राष्ट्रीय स्तर के स्टेडियम का निर्माण होगा।
- वाटर ट्रीटमेंट प्लांट की स्थापना की जाएगी।
- शहर के प्रमुख स्थलों पर फ्री वाई-फाई सेवा की शुरुआत की जाएगी।
- स्मार्ट शौचालय और महिलाओं के लिए पृथक पिंक शौचालय निर्माण किया जाएगा।







