कोलकाता (ओमदर्पण न्यूज़)।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के बाद सामने आ रही छिटपुट हिंसा की घटनाओं के बीच कोलकाता पुलिस ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। कोलकाता पुलिस आयुक्त अजय कुमार नंद ने बुधवार को स्पष्ट चेतावनी दी है कि कानून-व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ अत्यंत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उपद्रवियों पर नकेल कसने के लिए पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में पुलिस आयुक्त नंद ने बताया कि अब तक कोलकाता पुलिस क्षेत्राधिकार में 80 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
80 गिरफ्तार, हथियार भी हुए बरामद
पुलिस आयुक्त ने जानकारी दी कि गिरफ्तार किए गए 80 लोगों में से 65 को विशिष्ट आपराधिक मामलों में हिरासत में लिया गया है, जबकि 15 अन्य को एहतियाती तौर पर (Preventive Detention) पकड़ा गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि “जो भी व्यक्ति डर या आतंक का माहौल बनाने की कोशिश करेगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।” पुलिस ने छापेमारी के दौरान कई हथियार भी बरामद किए हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि कुछ छिटपुट घटनाएं जरूर हुई हैं, लेकिन कुल मिलाकर स्थिति शांतिपूर्ण और नियंत्रण में है।
विजय जुलूस में ‘बुलडोजर’ ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध
चुनाव प्रचार के दौरान चर्चा के केंद्र में रहे ‘बुलडोजर’ को लेकर पुलिस ने सख्त फरमान जारी किया है। पुलिस आयुक्त नंद ने चेतावनी दी है कि किसी भी दल के विजय जुलूस में बुलडोजर को शामिल करने की अनुमति बिल्कुल नहीं दी जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया, “जेसीबी (बुलडोजर) या इसी तरह के भारी उपकरणों के साथ कोई भी रैली नहीं निकाली जाएगी। यदि कोई जेसीबी मालिक अपना वाहन ऐसे उद्देश्यों के लिए किराये पर देता है, तो उसके खिलाफ भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”
सीएपीएफ (CAPF) के साथ मिलकर हो रही निगरानी
चुनाव के बाद की स्थिति में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) और कोलकाता पुलिस संयुक्त रूप से काम कर रहे हैं। ठीक उसी तरह, जैसे विधानसभा चुनाव के दौरान संयुक्त मोर्चे ने काम किया था। पुलिस प्रमुख ने समाज के हर वर्ग से शांति बनाए रखने और कानून-व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है।










