भिलाईनगर (रवि कुमार भास्कर)।
नगर पालिक निगम भिलाई के जोन क्रमांक 04 शिवाजी नगर क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्यवाही की गई। वार्ड क्रं. 45, नकम्मा मोहल्ला में स्थानीय निवासियों द्वारा सी.सी. रोड को घेरकर सड़क पर कब्जा कर एक दीवार खड़ी की जा रही थी। इस बारे में शिकायत शिवाजी नगर जोन के आयुक्त श्री अमरनाथ दुबे से की गई।
जोन आयुक्त के निर्देश पर निगम का तोड़फोड़ दस्ता मौके पर पहुंचा और स्थल निरीक्षण किया। जांच में शिकायत सही पाई गई, और यह पाया गया कि निर्माण के लिए कोई वैध दस्तावेज नहीं था। सड़क पूरी तरह से अवैध कब्जे से बाधित हो रही थी।
इस पर जोन के सहायक राजस्व अधिकारी श्री बालकृष्ण नायडू और सहायक अभियंता श्रीमती प्रिया करसे ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण को ध्वस्त किया। तोड़फोड़ दस्ता ने गैती, फावड़ा, निर्माण सामग्री आदि जप्त की। संबंधित व्यक्तियों को चेतावनी दी गई कि किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा करने पर ध्वस्तीकरण के साथ-साथ अर्थदंड की कार्रवाई भी की जाएगी। ध्वस्त मलवे को जप्त कर उठवा लिया गया।
इस कार्यवाही में तोड़फोड़ दस्ता प्रभारी श्री हरिओम गुप्ता, श्री कन्हैया यादव, श्री मंगल जांगड़े, श्री राजेन सिंह, श्री विष्णु सोनी, श्री अनिल, श्री गौकरण कुर्रे और श्री खेमराज उपस्थित रहे।









