दुर्ग (रोहितास सिंह भुवाल)।
नेशनल हेराल्ड मामले में सुप्रीम कोर्ट द्वारा प्रवर्तन निदेशालय (ED) को फटकार लगाने के बाद कांग्रेस अब आर-पार के मूड में है। गुरुवार को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में दुर्ग में कांग्रेसियों ने शक्ति प्रदर्शन करते हुए भाजपा कार्यालय का घेराव किया।
राजीव भवन से निकली रैली को रोकने के लिए प्रशासन ने पुलिस बल के साथ तीन लेयर की बैरिकेडिंग की थी। लेकिन, आक्रोशित कांग्रेसी दो बैरिकेड्स तोड़ते हुए अंतिम लेयर तक जा पहुंचे। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और ED की कार्रवाई के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई।
भूपेश बोले- यह जीत ‘सत्यमेव जयते‘ की है
प्रदर्शन के दौरान पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह विपक्ष को कुचलने के लिए ED, CBI और सरकारी तंत्रों का दुरुपयोग कर रहे हैं। सुप्रीम कोर्ट के निर्णय ने यह साबित कर दिया है कि भाजपा सरकार विरोधियों और उनके परिजनों को फर्जी मामलों में फंसाकर डराना चाहती है।”
बघेल ने ललकारते हुए कहा, “पिछले 7 सालों से भाजपा यही कर रही है, लेकिन कांग्रेस डरने वालों में से नहीं है। जो आजादी के पहले अंग्रेजों से नहीं डरे, वे आजादी के बाद इन ‘वोट चोरों’ से क्यों डरेंगे? कांग्रेस हमेशा सत्य के साथ रही है और यह जीत सत्यमेव जयते है।”
षड्यंत्रकारी सरकार का चरित्र उजागर: ताम्रध्वज
पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने कहा कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी को फसाने का प्रयास कई बार किया गया, लेकिन कोर्ट के निर्णय ने सत्ता की भूखी भाजपा सरकार का असली चरित्र जनता के सामने ला दिया है।
संविधान सत्ता से ऊपर: अरुण वोरा
पूर्व विधायक अरुण वोरा ने कार्रवाई को दुर्भावना से प्रेरित बताते हुए कहा कि संविधान और कानून सत्ता से ऊपर हैं। सत्य को चाहे जितना परेशान किया जाए, अंततः जीत उसी की होती है।
सत्य पराजित नहीं हो सकता
जिला कांग्रेस अध्यक्षों ने भी केंद्र को आड़े हाथों लिया। ग्रामीण अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि सत्य परेशान हो सकता है, लेकिन पराजित नहीं। वहीं, शहर अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल ने कहा कि चाहे नेशनल हेराल्ड हो या विधायकों की खरीद-फरोख्त, जनता भाजपा का ‘चाल, चरित्र और चेहरा’ समझ चुकी है।
घेराव और प्रदर्शन में प्रमुख रूप से पूर्व सीएम भूपेश बघेल, पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, पूर्व विधायक अरुण वोरा, जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर, धीरज बाकलीवाल, मुकेश चंद्राकर, प्रतिमा चंद्राकर, आर.एन. वर्मा, लक्ष्मण चंद्राकर, राजेश यादव, संजय कोहले, अल्ताफ अहमद, नासिर खोखर, सुशील भारद्वाज, अब्दुल गनी समेत सैकड़ों कांग्रेसी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।









