
दुर्ग (रोहितास सिंह भुवाल)।
भारतीय जनता पार्टी (भा.ज.पा) ने दुर्ग शहर के पटेल कंपलेक्स, पद्मनापुर में अपने चुनाव कार्यालय का उद्घाटन विधिवत रूप से किया। इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने एकजुट होकर आगामी चुनावों में ऐतिहासिक जीत की उम्मीद जताई और ट्रिपल इंजन की सरकार बनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर प्रमुख रूप से दुर्ग लोकसभा के सांसद विजय बघेल, दुर्ग शहर के विधायक गजेंद्र यादव, भाजपा जिला अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक, भाजपा नेता संजय बघेल, पूर्व महापौर चंद्रिका चंद्राकर, भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य उषा टावरी, कांतिलाल बोथरा, शिव चंद्राकर, प्रीतपाल बेल चंदन समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
सांसद विजय बघेल ने इस अवसर पर कहा, “जिस तरह से आप सभी ने लोकसभा और विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी को ऐतिहासिक जीत दिलाई है और कांग्रेस के कुशासन से प्रदेश को मुक्ति दिलाई है, अब समय आ गया है दुर्ग में नगर निगम में कांग्रेस के कुशासन को हटाएं। आप सभी के आशीर्वाद से भारतीय जनता पार्टी फिर से एक ऐतिहासिक जीत हासिल करेगी, ऐसा मेरा विश्वास है।”
दुर्ग जिला संगठन प्रभारी राजीव अग्रवाल ने भी पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा, “दुर्ग के कार्यकर्ता मेहनतकश और इतिहास बदलने वाले हैं। हर बार उन्होंने इतिहास बदलकर दिखाया है, और इस बार भी वह एक ऐतिहासिक परिणाम लेकर आएंगे। मुझे पूरा विश्वास है कि दुर्ग शहर की जनता हम पर पूरा भरोसा करेगी।”
दुर्ग शहर के विधायक गजेंद्र यादव ने कहा, “मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जी की सरकार ने मोदी जी की गारंटी को इतनी तेजी से पूरा किया है, जिसे किसी ने नहीं किया। उन गारंटियों का लाभ हर वर्ग ने उठाया है और दुर्ग शहर को कई विकास कार्यों की सौगात दी गई है। आप सभी का आशीर्वाद महापौर प्रत्याशी अलका बाघमार और समस्त वार्डों के प्रत्याशियों को मिले, ऐसी मेरी अपेक्षा है।”
भा.ज.पा के जिला अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक ने कहा, “पार्टी हमेशा कार्यक्षमता और नेतृत्व क्षमता के आधार पर टिकट तय करती है। इस बार भी पार्टी ने एक अनुभवी प्रत्याशी को आपके बीच रखा है। दुर्ग शहर की जनता से मेरी अपील है कि वे महापौर प्रत्याशी अलका बाघमार और समस्त पार्षद प्रत्याशियों को समर्थन दें।”
महापौर प्रत्याशी अलका बाघमार ने कहा, “भा.ज.पा सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास और सबके विश्वास पर काम करती है। मेरी जीत आपके आशीर्वाद से ही संभव है, और मैं दुर्ग को एक सुव्यवस्थित और सुंदर शहर बनाने का प्रयास करूंगी।”
सभी नेताओं ने भाजपा के महापौर प्रत्याशी अलका बाघमार और अन्य वार्डों के प्रत्याशियों को ऐतिहासिक जीत दिलाने का आह्वान किया।









