



महासमुंद।
गुरु नानक देव जी की 555वीं जयंती के अवसर पर प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में नगर के सिख समाज द्वारा गुरुद्वारे से एक भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। इस शोभायात्रा में सिख समाज के प्रमुख जनों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
लोहिया चौक पर भाजपा किसान नेता अशवंत तुषार साहू ने शोभायात्रा और पंज प्यारे का स्वागत कर इस पवित्र आयोजन में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। उन्होंने कहा, “हमें गुरु नानक देव जी द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलना चाहिए, जो मानवता की सेवा और एकता का संदेश देता है। उनकी शिक्षाएं आज भी प्रासंगिक हैं और हमें यह याद दिलाती हैं कि सभी इंसान एक समान हैं। हमें आपसी भाईचारे और मानवता की सेवा को प्राथमिकता देनी चाहिए।”
यह आयोजन नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा, जहां सिख समाज के लोगों ने विभिन्न सामाजिक संदेशों के साथ गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं का प्रचार किया। शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालु पूरी आस्था और भक्ति के साथ भाग लेते नजर आए।





