
अंबिकापुर।
आगामी नगरीय निकाय चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन स्थानीय पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में किया गया। सम्मेलन की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने की। इस दौरान विधायक राजेश अग्रवाल, विधायक प्रमोद मिंज, पूर्व जिला अध्यक्ष ललन प्रताप सिंह, ओबीसी मोर्चा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सोनी, वरिष्ठ भाजपा नेता अनिल सिंह मेजर, पूर्व सांसद कमलभान सिंह, प्रदेश कार्य समिति सदस्य हरपाल सिंह भामरा और वरिष्ठ नेता राम गुप्ता मौजूद रहे।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने कहा कि चुनाव नजदीक है और कार्यकर्ताओं को अनुशासन में रहकर, एकजुटता के साथ चुनावी रणनीति पर कार्य करना होगा। उन्होंने बताया कि नगर के विभिन्न चौक-चौराहों पर आमसभाएं आयोजित की जाएंगी और बड़े नेताओं के नेतृत्व में रोड शो होंगे, जिन्हें सफल बनाना सभी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि जिस तरह उन्होंने सांसद और विधायक जिताने में मेहनत की, उसी तरह भाजपा पार्षद प्रत्याशियों और महापौर प्रत्याशी मंजूषा भगत को भी विजय दिलाने के लिए जुट जाएं।
विधायक राजेश अग्रवाल ने कहा कि भाजपा ने मंजूषा भगत को महापौर प्रत्याशी बनाकर महिला समाज को सम्मान दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने पिछले दस वर्षों में नगर निगम के विकास कार्यों को ठप कर दिया और केंद्र से मिले बजट का दुरुपयोग किया। उन्होंने कहा कि नगर में आज भी वही कार्य दिखते हैं, जो भाजपा शासन में महापौर प्रबोध मिंज के समय कराए गए थे।
प्रबोध मिंज ने अपने संबोधन में कांग्रेस महापौर अजय तिर्की पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में नगर विकास पूरी तरह से ठप हो गया। उन्होंने भाजपा शासन को नगर के लिए “स्वर्णिम काल” बताते हुए कहा कि अब जनता भाजपा को निगम में फिर से लाने का मन बना चुकी है।
मंजूषा भगत ने कार्यकर्ताओं से किया भावनात्मक आह्वान
महापौर प्रत्याशी मंजूषा भगत ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस महापौर अजय तिर्की ने केवल अपना विकास किया, जबकि नगर को विकास के मामले में दस साल पीछे धकेल दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे जनता के बीच “मंजूषा भगत” बनकर जाएं और पार्टी के संदेश को घर-घर तक पहुंचाएं।
अन्य नेताओं ने भी कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया
सम्मेलन में ललन प्रताप सिंह, अखिलेश सोनी और अनिल सिंह मेजर ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और चुनावी तैयारियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कार्यक्रम का संचालन देवनाथ सिंह पैकरा और विनोद हर्ष ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन मंडल अध्यक्ष कमलेश तिवारी ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी और पार्षद प्रत्याशी उपस्थित रहे।









