



अहमदाबाद।
स्कूल और कॉलेज की छात्राओं के व्हाट्सएप ग्रुप को हैक कर गुजरात समेत देश के अन्य राज्यों की 100 से अधिक छात्राओं से साइबर ठगी करने के मामले में गांधीनगर की गुजरात साइबर सेल ने मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले के बदरा गांव के युवक प्रभात कुमार गुप्ता को गिरफ्तार किया है।
गुजरात स्टेट साइबर सेल ने 1930 हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायत के आधार पर सीआईडी क्राइम व रेलवे के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक राजकुमार पांडियन के निर्देशन में आईजी संजय खरात और एसपी धर्मेंद्र शर्मा की टीम को मामले की जांच सौंपी थी। साइबर सेल की टीम ने आरोपी प्रभात के मोबाइल नंबर और बैंक खातों की जांच के बाद उसे गिरफ्तार किया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि प्रभात के निशाने पर गुजरात और देश के अन्य राज्यों की छात्राओं के व्हाट्सएप ग्रुप होते थे। वह ग्रुप को हैक कर छात्राओं को अलग-अलग संदेश भेजकर पैसों की जरूरत का बहाना बनाकर ठगी करता था। अब तक उसने 100 से अधिक छात्राओं को ठगी का शिकार बनाया है।
साइबर सेल ने आरोपी के खिलाफ विस्तृत जांच करते हुए मोबाइल नंबरों, बैंक खातों और कॉल डिटेल्स की जांच की। आरोपी की मोबाइल लोकेशन मध्यप्रदेश के बदरा गांव में मिली, जिसके बाद स्थानीय पुलिस की मदद से प्रभात कुमार गुप्ता को पकड़ा गया। पुलिस ने आरोपी के पास से 2 मोबाइल, 11 सिम कार्ड, 2 पासबुक और 12 डेबिट कार्ड बरामद किए हैं।
फुनगा चौकी प्रभारी सुमित कौशिक के अनुसार प्रभात के खिलाफ अनूपपुर में भी एक केस दर्ज है। आरोपी यूट्यूब के माध्यम से ऑनलाइन ठगी के तरीके सीखकर साइबर अपराध में लिप्त हो गया था।




