पीएमईजीपी से संवरी बस्तर के किशन की तकदीर, 10 लाख के लोन से खड़ा किया 35 लाख का टर्नओवर
OM Darpan
Jul 24, 2026 02:38 am
783 views
24 Jul 2026
जगदलपुर।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (पीएमईजीपी) और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में स्वरोजगार को मिल रहे प्रोत्साहन से छत्तीसगढ़ के युवाओं की जिंदगी बदल रही है। बस्तर जिले के जगदलपुर निवासी किशन जंगम ने इस बदलाव की एक नई कहानी लिखी है। स्नातक की शिक्षा पूरी करने के बाद किशन ने दूसरों के अधीन नौकरी करने के बजाय अपना खुद का व्यवसाय शुरू करने का जोखिम उठाया। आज वे एक सफल उद्यमी के रूप में अपनी पहचान बना चुके हैं और छह अन्य स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध करा रहे हैं।
10 लाख का ऋण और डेढ़ लाख की सब्सिडी
36 वर्षीय किशन जंगम प्रिंटिंग व्यवसाय में रुचि रखते थे, लेकिन पूंजी का अभाव उनके सपनों में आड़े आ रहा था। जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र जगदलपुर के मार्गदर्शन में उन्होंने पीएमईजीपी योजना के तहत आवेदन किया। साल 2019 में पंजाब नेशनल बैंक की जगदलपुर शाखा से उन्हें 10 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत हुआ। इसके साथ ही सरकार की ओर से 1.50 लाख रुपये की सब्सिडी भी प्रदान की गई। इसी आर्थिक संबल से उन्होंने जगदलपुर में एफसीआई गोदाम के सामने 'मेसर्स कार्तिक प्रिंटर सप्लायर्स' की नींव रखी।सालाना 35 लाख का कारोबार और 6 युवाओं को काम
आधुनिक मशीनों और गुणवत्ता के दम पर किशन का व्यवसाय तेजी से बढ़ा। उनकी मेहनत का ही नतीजा है कि आज उनके प्रतिष्ठान का सालाना टर्नओवर 30 से 35 लाख रुपये तक पहुंच गया है। किशन ने अपनी सफलता को केवल खुद तक सीमित नहीं रखा, बल्कि अपने साथ 6 स्थानीय युवाओं को जोड़कर उन्हें सम्मानजनक रोजगार दिया। आज उनके इस प्रयास से छह परिवारों की आजीविका सुचारू रूप से चल रही है। किशन अब दूसरे युवाओं को भी सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। योजना के तहत विनिर्माण और सेवा क्षेत्र में नया व्यवसाय शुरू करने पर 15% से 35% तक सब्सिडी का प्रावधान है। प्रदेश में हजारों युवाओं ने इस योजना के माध्यम से अपने सपनों को धरातल पर उतारा है। किशन जंगम की सफलता साबित करती है कि यदि सही मार्गदर्शन और वित्तीय सहायता मिले, तो युवा न केवल अपनी तकदीर बदल सकते हैं बल्कि रोजगारदाता भी बन सकते हैं।जरूरी खबरें
विज्ञापन