रक्षाबंधन पर CM विष्णुदेव साय की बड़ी सौगात, 67 लाख महिलाओं के खाते में आएंगे 631 करोड़ रुपये
OM Darpan
Aug 25, 2026 02:54 am
1,210 views
25 Aug 2026
डौण्डीलोहारा में बिहान दीदी और स्व-सहायता समूह सम्मान समारोह के दौरान जारी होगी किस्त
✍️ विशेष संवाददाता
रायपुर | छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 25 अगस्त को प्रदेश की लाखों महिलाओं को रक्षाबंधन का बड़ा उपहार देने जा रहे हैं। बालोद जिले के डौण्डीलोहारा स्थित लाल रघुवीर सिंह स्टेडियम में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त जारी करेंगे। इस अवसर पर प्रदेश की 67 लाख 28 हजार 918 महिला हितग्राहियों के बैंक खातों में कुल 631 करोड़ 38 लाख 37 हजार 700 रुपये की राशि सीधे ट्रांसफर की जाएगी।
डौण्डीलोहारा विकासखण्ड मुख्यालय के लाल रघुवीर सिंह स्टेडियम में 'बिहान दीदी' एवं स्व-सहायता समूह के लिए सम्मान समारोह आयोजित किया जा रहा है। इसी कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय राशि का अंतरण करेंगे। गौरतलब है कि राज्य सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना के माध्यम से महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा मिल रहा है। यह राशि महिलाओं के स्वास्थ्य, सुपोषण और उनकी बेटियों के सुखद भविष्य के लिए सुकन्या समृद्धि योजना में निवेश करने के साथ-साथ अन्य आर्थिक गतिविधियों में भी सहायक साबित हो रही है।
वक्त से पहले मिली राखी की सौगात
नियम के अनुसार सितंबर 2026 की इस 31वीं किस्त का भुगतान सितंबर माह में होना था, लेकिन मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बहनों को राखी के त्योहार से पहले सौगात देने के लिए इसे अगस्त में ही जारी करने का फैसला लिया है। महतारी वंदन योजना के तहत अब तक कुल 30 किस्तों में 19 हजार 444 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा चुकी है। इस कदम से रक्षाबंधन के पर्व पर महिलाओं को बड़ी आर्थिक राहत मिलेगी।जरूरी खबरें
विज्ञापन