ब्रह्माकुमारीज की चैतन्य देवियों की झांकी में उमड़ी भीड़
OM Darpan


सांसद चिंतामणि महाराज ने आध्यात्मिक ज्ञान से जीवन को श्रेष्ठ बनाने का किया आह्वान
अंबिकापुर। प्रजापिता ब्रह्माकुमारीज ईश्वरीय विश्वविद्यालय नव विश्व भवन चोपड़ा पारा में शारदीय नवरात्रि के अवसर पर आयोजित चैतन्य देवियों की भव्य झांकी में दर्शनार्थियों की भारी भीड़ उमड़ रही है। आयोजन के सातवें दिन सांसद चिंतामणि महाराज झांकी में शामिल हुए।
सांसद ने उपस्थित लोगों को नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पुत्र कुपुत्र हो सकता है, लेकिन माता कुमाता नहीं हो सकती। उन्होंने कहा कि मनुष्य जीवन श्रेष्ठ है और हमें यह समझने की आवश्यकता है कि इस अनमोल जीवन का सदुपयोग किस प्रकार किया जाए। जीवन को सकारात्मक दिशा देने के लिए आध्यात्मिक ज्ञान प्राप्त करना और ऐसी संस्थाओं से जुड़कर जीवन को श्रेष्ठ बनाना आवश्यक है।
नशामुक्ति के लिए किया जागरूक
कार्यक्रम में श्री साईं बाबा आदर्श स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेश श्रीवास्तव ने संस्था के कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ब्रह्माकुमारी संस्था नशामुक्ति सहित विभिन्न सामाजिक जागरूकता अभियानों के माध्यम से निःस्वार्थ भाव से समाज सेवा कर रही है। समाज को इन विषयों के प्रति जागरूक होने की आवश्यकता है। डाइट कॉलेज के प्राचार्य केसी गुप्ता ने भी कार्यक्रम में उपस्थित होकर सभी को नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान रंजना श्रीवास्तव एवं गीता गुप्ता भी उपस्थित रहीं।
काली-शंकर नृत्य ने किया भावविभोर
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के तहत खुशी दुबे एवं ट्विंकल ने काली-शंकर नृत्य की प्रभावशाली प्रस्तुति दी, जिसने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। वहीं, आण्वी ने देवी स्वरूप में मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों को नशा मुक्ति की प्रतिज्ञा भी कराई गई।
चैतन्य देवियों की भव्य झांकी के दर्शन के लिए प्रतिदिन शहरवासियों की बड़ी संख्या पहुंच रही है। आयोजन स्थल का आध्यात्मिक वातावरण और आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।
जरूरी खबरें
विज्ञापन