महाराष्ट्र सड़क हादसे के पीड़ितों के बीच पहुंचे उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, शोकाकुल परिवारों को बंधाया ढांढस
OM Darpan
कबीरधाम के प्रभावित गांवों का किया दौरा, घायलों और मृतकों के परिजनों को दिया मदद का आश्वासन
✍️ विशेष संवाददाता
कवर्धा | महाराष्ट्र के भंडारा जिले में नागपुर-रायपुर राजमार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे के बाद उपमुख्यमंत्री और कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने प्रभावित परिवारों के बीच पहुंचकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। कबीरधाम जिले के रहने वाले इन परिवारों से मुलाकात कर उपमुख्यमंत्री ने दुख की इस घड़ी में उन्हें ढांढस बंधाया और सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की और घायलों के स्वास्थ्य का हाल जाना।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा सबसे पहले ग्राम बाँधाटोला पहुंचे। यहां उन्होंने सड़क हादसे में जान गंवाने वाली 26 वर्षीय स्वर्गीय गनेशिया पटेल के निवास पर पहुंचकर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने हादसे में घायल हुए 5 वर्षीय मुकेश पटेल और 2 वर्षीय डाली पटेल के स्वास्थ्य की जानकारी ली। इसी गांव में उन्होंने घायल ललिता पटेल (26), तन्मय पटेल (2) और रामप्यारी पटेल (50) के परिवारों से भी मुलाकात कर उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। इसके बाद उपमुख्यमंत्री ग्राम विचारपुर पहुंचे, जहां एक ही परिवार के तीन सदस्यों स्वर्गीय मीनाक्षी वर्मा (25), स्वर्गीय सरिता वर्मा (25) और स्वर्गीय ग्रीशा वर्मा (2) का निधन हुआ है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मिलकर उन्हें सांत्वना दी।
दौरे के अगले चरण में विजय शर्मा पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बीजा बैरागी पहुंचे। यहां उन्होंने हादसे में दिवंगत हुई 40 वर्षीय स्वर्गीय कुमारी बाई पटेल के निवास पर शोक व्यक्त किया। इसके साथ ही, उपमुख्यमंत्री ने ग्राम बाँधाटोला में सूरत की एक इमारत से गिरने के कारण जान गंवाने वाले स्वर्गीय मायाराम पटेल के परिजनों से भी मुलाकात की और उन्हें श्रद्धांजलि दी। विजय शर्मा ने कहा कि अपनों को खोने का दुख अत्यंत पीड़ादायक होता है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि सभी परिजनों को इस कठिन समय में दुख सहन करने की शक्ति मिले।
जरूरी खबरें
विज्ञापन