16 अक्टूबर 2026 |
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

नवा रायपुर में 150 करोड़ का निवेश, 3500 युवाओं को मिलेगा प्रत्यक्ष रोजगार

शेयर करें

OM Darpan

Oct 16, 2026 07:28 pm 565 views
नवा रायपुर में 150 करोड़ का निवेश, 3500 युवाओं को मिलेगा प्रत्यक्ष रोजगार


सीएम विष्णुदेव साय ने यश फैंस एंड एप्लायंसेस की नई इकाई का किया भूमिपूजन, नवचयनितों को सौंपे नियुक्ति पत्र

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement


नवा रायपुर

छत्तीसगढ़ में औद्योगिक विकास को अब केवल पूंजी-निवेश से नहीं, बल्कि रोजगार-सृजन के नजरिए से तौला जाएगा। इसी रणनीति के तहत नवा रायपुर में शुक्रवार को यश फैंस एंड एप्लायंसेस लिमिटेड की नई औद्योगिक इकाई का भूमिपूजन किया गया। इस परियोजना में 150 करोड़ रुपए से अधिक का निवेश प्रस्तावित है, जिससे साढ़े तीन हजार से ज्यादा लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा।


मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुक्रवार को इस इकाई के भूमिपूजन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य सिर्फ निवेश आकर्षित करना नहीं है, बल्कि इसे स्थानीय अर्थव्यवस्था की मजबूती और प्रदेश की समृद्धि का माध्यम बनाना है। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कई नवचयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र भी सौंपे और कहा कि किसी भी युवा के हाथ में नियुक्ति पत्र देना औद्योगिक निवेश की सबसे सार्थक उपलब्धि है।


श्रम-आधारित उद्योगों पर विशेष जोर

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि नई औद्योगिक विकास नीति (2024-2030) में ऐसे श्रम-आधारित उद्योगों को विशेष प्रोत्साहन दिया जा रहा है, जिनमें अपेक्षाकृत कम निवेश के बावजूद बड़े पैमाने पर रोजगार पैदा करने की क्षमता है। टेक्सटाइल, फूड-प्रोसेसिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स और फार्मा जैसे क्षेत्रों पर सरकार का विशेष फोकस है। उन्होंने बताया कि प्रक्रियाओं को सरल बनाते हुए 279 प्रावधानों को अपराध की श्रेणी से बाहर किया गया है, ताकि निवेश प्रस्ताव जल्द से जल्द धरातल पर उतर सकें।


सब्सिडी का बजट एक हजार करोड़ के पार

कार्यक्रम में वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने बताया कि नई नीति में सोच का बड़ा बदलाव आया है। अब तक प्रदेश में अधिक पूंजी और कम रोजगार वाले उद्योगों की प्रधानता थी, जिसे अब बदला जा रहा है। उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए सब्सिडी का बजटीय प्रावधान लगभग 200 करोड़ रुपए से बढ़ाकर एक हजार करोड़ रुपए से अधिक कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि आर्थिक विकास का सीधा लाभ गरीब, युवा, अन्नदाता और महिलाओं तक पहुंचना चाहिए।


ढाई साल में 50 हजार को मिला रोजगार

समारोह में उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने बताया कि पिछले ढाई वर्षों में प्रदेश में छोटे-बड़े मिलाकर तीन हजार से अधिक उद्योग स्थापित हुए हैं। इनके माध्यम से 50 हजार से अधिक लोगों को रोजगार मिला है। उन्होंने दावा किया कि आगामी परियोजनाओं से प्रदेश में डेढ़ लाख से अधिक रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।


कार्यक्रम के दौरान यश फैंस के सीईओ ए.एन. रविचंद्रन ने उत्पादन योजनाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर सीएसआईडीसी के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, यश ग्रुप के चेयरमैन रितेश नरेडी, उद्योग विभाग के सचिव रजत कुमार और एनआरडीए के सीईओ चंदन कुमार समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे। राज्य सरकार ने कंपनी प्रबंधन को परियोजना को समय-बद्ध तरीके से पूरा करने के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया है।

शेयर करें

विज्ञापन / Advertisement

Government Advertisement
261016222511571

विज्ञापन

Advertisement