kachandur physiotherapy college: दुर्ग को मिली बड़ी सौगात: अब कमर दर्द और लकवे के इलाज के लिए नहीं भटकना पड़ेगा बाहर
OM Darpan
कचांदूर में शुरू हुआ फिजियोथेरेपी कॉलेज का निर्माण
दुर्ग (ओमदर्पण न्यूज़)।
दुर्ग जिले के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा क्षेत्र को एक नई दिशा मिली है। जिले के कचांदूर स्थित चंदूलाल चंद्राकर शासकीय मेडिकल कॉलेज के पास नवीन फिजियोथेरेपी कॉलेज के निर्माण के लिए भूमिपूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में प्रदेश के शिक्षा व कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव मुख्य रूप से शामिल हुए और विधिवत पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि आज के समय में फिजियोथेरेपी चिकित्सा पद्धति स्वास्थ्य सेवाओं का एक अत्यंत महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुकी है। बदलती जीवनशैली, दुर्घटनाओं, खेल संबंधी चोटों, लकवा, कमर और जोड़ों के दर्द जैसी गंभीर समस्याओं के उपचार में फिजियोथेरेपी की भूमिका लगातार बढ़ रही है। दुर्ग जिले में इस कॉलेज की स्थापना हो जाने से आम नागरिकों को आधुनिक और वैज्ञानिक उपचार की सुविधाएं अब स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेंगी।
मंत्री यादव ने यह भी स्पष्ट किया कि यह संस्थान केवल एक उपचार केंद्र तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यह दुर्ग जिले के चिकित्सा शिक्षा और प्रशिक्षण का भी प्रमुख केंद्र बनकर उभरेगा। यहां चिकित्सा क्षेत्र में आने वाले विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक तकनीक पर आधारित प्रशिक्षण और बेहतर करियर के अवसर प्राप्त होंगे। इससे दुर्ग जिले के साथ-साथ पूरे संभाग के युवाओं को स्वास्थ्य शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने का सुनहरा अवसर मिलेगा।
बिना ऑपरेशन और कम दवाइयों से मिलेगा प्रभावी उपचार
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और चिकित्सा शिक्षा को सुदृढ़ करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। सरकार ने बजट में प्रदेश के विभिन्न जिलों में फिजियोथेरेपी कॉलेज बनाने की स्वीकृति प्रदान की थी, जिसके परिपालन में आज दुर्ग में यह भूमिपूजन किया गया। इस कॉलेज की स्थापना से स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलेगी और मरीजों को बिना ऑपरेशन तथा कम दवाइयों के माध्यम से उपचार की प्रभावी सुविधा मिल सकेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में यह संस्थान दुर्ग जिले की पहचान बनेगा।
इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों और मेडिकल कॉलेज के स्टाफ ने इस पहल को जिले के विकास के लिए एक ऐतिहासिक कदम बताया। भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा, जिला पंचायत सदस्य जितेंद्र यादव, मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकगण, अस्पताल का स्टाफ और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
जरूरी खबरें
विज्ञापन