Search
Close this search box.
Search
Close this search box.

संसद भवन में प्रधानमंत्री से मिले मुख्यमंत्री साय

प्रधानमंत्री

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

बस्तर के कायाकल्प और विकास का रखा रोडमैप


नई दिल्ली।
मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय ने आज संसद भवन में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी से सौजन्य भेंट की। इस उच्च स्तरीय बैठक में छत्तीसगढ़ के समग्र विकास, बस्तर के कायाकल्प और राज्य की महत्वपूर्ण औद्योगिक परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के समक्ष बदलते छत्तीसगढ़ और बस्तर के विकास का रोडमैप प्रस्तुत करते हुए तीन बड़ी परियोजनाओं के लिए केंद्र से सहयोग का आग्रह किया। मुख्यमंत्री साय ने जोर देकर कहा कि सुरक्षा, विश्वास और विकास की समन्वित रणनीति से बस्तर अब व्यापक बदलाव के दौर से गुजर रहा है।

मुख्यमंत्री ने राजनांदगांव में प्रस्तावित ₹10,500 करोड़ की गैस आधारित यूरिया परियोजना को जल्द मंजूरी देने का अनुरोध किया। उन्होंने बताया कि इसके लिए भूमि और अन्य स्वीकृतियां पूरी हो चुकी हैं। इसके साथ ही बस्तर के उन 461 संवेदनशील गांवों का मुद्दा भी उठा, जहां भौगोलिक कारणों से अब तक स्थायी विद्युत ग्रिड नहीं पहुंचा है। साय ने इन गांवों को ग्रिड से जोड़ने के लिए विशेष सहायता मांगी ताकि वहां शिक्षा, स्वास्थ्य और लघु उद्यमों को गति मिले।

रायपुर या बस्तर में आयुर्वेद संस्थान की मांग

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने रायपुर या बस्तर में ‘ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेद’ (AIIA) स्थापित करने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने तर्क दिया कि छत्तीसगढ़ की जनजातीय क्षेत्रों में औषधीय वनस्पतियों का भंडार है। इसके अलावा उन्होंने ‘बस्तर विजन’ की जानकारी देते हुए बताया कि ‘नियद नेल्ला नार 2.0’ और ‘बस्त मुन्ने’ के जरिए 5,542 गांवों के 39 लाख लोग लाभान्वित हो रहे हैं। बस्तर में नक्सल हिंसा के कारण वर्षों से बंद 421 स्कूलों को दोबारा खोला गया है और ओरछा एवं जगरगुंडा में दंतेवाड़ा की तर्ज पर ‘एजुकेशन सिटी’ विकसित की जा रही है।

8 लाख करोड़ का निवेश और लखपति दीदी का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को बताया कि नई औद्योगिक नीति 2024-30 के बाद ₹8 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। राज्य में अब एआई डेटा सेंटर, सेमीकंडक्टर, गारमेंट और चॉकलेट मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों में निवेश आ रहा है। साय ने जानकारी दी कि ‘मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान’ में 34 लाख लोगों की जांच हुई है और दंतेवाड़ा, जगदलपुर, गीदम में स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ाई गई हैं। रेल लाइन प्रोजेक्ट (₹3,513 करोड़), रायपुर-विशाखापट्टनम एक्सप्रेस-वे और इंद्रावती नदी बैराज पर भी चर्चा हुई। अंत में साय ने 10.42 लाख महिलाओं के ‘लखपति दीदी’ बनने की उपलब्धि बताते हुए पीएम को 2027 के रायपुर सम्मेलन के लिए आमंत्रित किया।

omdarpanprmot-01
previous arrow
next arrow