हैदराबाद।
हैदराबाद की एक अदालत ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी और अन्य पांच आरोपियों को 2015 के वोट के बदले नकदी मामले में 16 अक्टूबर को अदालत में पेश होने का निर्देश दिया है। मंगलवार को मेट्रोपोलिटन सत्र न्यायाधीश की अदालत ने इस मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा दायर धनशोधन जांच के आरोपों पर विचार के लिए सभी आरोपियों को अदालत में उपस्थित होने के आदेश जारी किए।
रेवंत रेड्डी, जो इस मामले के एक प्रमुख आरोपी हैं, मंगलवार को अदालत में अनुपस्थित थे, जबकि चौथे आरोपी ने अदालत में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। न्यायाधीश ने निर्देश दिया, “सभी आरोपियों को 16 अक्टूबर को सुनवाई के लिए बुलाया जाता है, और उन्हें आरोपों पर विचार के लिए अदालत में उपस्थित रहना अनिवार्य है।”
घोटाले का इतिहास
यह मामला 31 मई, 2015 का है जब भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने रेवंत रेड्डी को विधान परिषद चुनाव में तेदेपा उम्मीदवार वी. नरेंद्र रेड्डी के समर्थन के लिए मनोनीत विधायक एल्विस स्टीफेंसन को 50 लाख रुपये की रिश्वत देने के आरोप में गिरफ्तार किया था। उस समय रेवंत रेड्डी तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के सदस्य थे। उनके साथ अन्य कुछ लोगों को भी गिरफ्तार किया गया था, जिन्हें बाद में जमानत मिल गई।
एसीबी ने दावा किया था कि उसके पास आरोपियों के खिलाफ ऑडियो और वीडियो रिकॉर्डिंग के रूप में “पुख्ता सबूत” हैं। 50 लाख रुपये की अग्रिम राशि भी बरामद की गई थी। मई 2021 में, प्रवर्तन निदेशालय ने धनशोधन के मामले में रेवंत रेड्डी और अन्य के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया।
सिद्धरमैया की याचिका खारिज
इस बीच, कर्नाटक उच्च न्यायालय ने मुख्यमंत्री सिद्धरमैया की उस याचिका को खारिज कर दिया जिसमें उन्होंने भू आवंटन मामले में राज्यपाल थावरचंद गहलोत द्वारा दी गई जांच की मंजूरी को चुनौती दी थी। सिद्धरमैया पर मैसुरु शहरी विकास प्राधिकरण (एमयूडीए) द्वारा पॉश क्षेत्र में उनकी पत्नी को 14 भूखंडों के आवंटन में कथित अनियमितता का आरोप है।








