मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज रायगढ़ जिले में आयोजित एक भव्य समारोह में लगभग 137.55 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश की 70 लाख महिलाओं को महतारी वंदन योजना की 10वीं किश्त के रूप में 652 करोड़ रुपये की राशि उनके खातों में अंतरित की। मुख्यमंत्री ने इस योजना को माताओं और बहनों के सम्मान और स्वाभिमान से जोड़ते हुए कहा कि उनकी मेहनत और आशीर्वाद ही सरकार को काम करने की शक्ति प्रदान करते हैं।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा, “हमारी माताएं और बहनें हमारी सबसे बड़ी ताकत हैं। उनका आशीर्वाद और उनके संघर्ष की कहानियां हमें प्रेरित करती हैं। आज, महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख महिलाओं के खातों में 652 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की गई है। इस राशि से महिलाएं अपने परिवारों को सशक्त बना रही हैं और प्रदेश के विकास में अपना योगदान दे रही हैं।”
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने एक दिलचस्प उदाहरण प्रस्तुत किया, जिसमें उन्होंने सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के ग्राम दानसरा की माताओं और बहनों का उल्लेख किया। इन महिलाओं ने महतारी वंदन योजना से मिली राशि से गांव के हनुमान मंदिर के पास एक भव्य रामलला मंदिर बनाने का संकल्प लिया। इस प्रेरणादायक पहल को देखकर मुख्यमंत्री ने कहा, “यह कहानी सिर्फ एक उदाहरण है, ऐसे कई और उदाहरण हैं जहां महिलाओं ने योजनाओं का सही उपयोग कर अपने सपनों को साकार किया है।”
नालंदा परिसर का भूमिपूजन:
मुख्यमंत्री ने रायगढ़ जिले में बनने जा रहे नालंदा परिसर का भूमिपूजन भी किया। यह अत्याधुनिक परिसर 42.56 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा, जो प्रदेश के युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण कदम होगा। नालंदा परिसर में स्मार्ट लाइब्रेरी, स्टडी जोन और कैरियर गाइडेंस जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जो विशेष रूप से पीएससी और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए सहायक साबित होंगी।मुख्यमंत्री ने कहा, “यह नालंदा परिसर प्रदेश के युवाओं को सशक्त बनाने का एक बड़ा कदम है। यहां युवा अपनी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर सकेंगे, और साथ ही यह लाइब्रेरी प्रदेश की सबसे बड़ी लाइब्रेरी बनेगी, जहां छात्रों को राष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं मिलेंगी।”
प्रदेश की शिक्षा नीति और किसानों के लिए योजनाएं:
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के शिक्षा और किसानों के लिए सरकार द्वारा किए गए कार्यों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, “हमारी सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र में बड़े बदलाव किए हैं, और अब हम न केवल शिक्षा के स्तर को बढ़ा रहे हैं, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा कर रहे हैं।”
उन्होंने किसानों की बात करते हुए कहा कि धान खरीदी का समय है, और इस वर्ष सरकार 160 लाख मीट्रिक टन धान खरीदने का लक्ष्य लेकर चल रही है। इसके अलावा, 3100 रुपये प्रति क्विंटल और 21 एकड़ तक धान खरीदने का फैसला लिया गया है। इस फैसले से प्रदेश के किसानों को राहत मिलेगी और उनका आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।
विकास की दिशा में निरंतर प्रगति:
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि वर्ष 2047 तक छत्तीसगढ़ को विकसित बनाने के लिए सरकार ने विजन डाक्यूमेंट तैयार किया है, जिसमें प्रदेश के औद्योगिकीकरण पर विशेष जोर दिया गया है। सरकार ने नई उद्योग नीति तैयार की है, जिससे छत्तीसगढ़ में उद्यमियों को नए उद्योग शुरू करने में आसानी होगी। इसके अलावा, राज्य में औद्योगिक क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए कनेक्टिविटी सुधारने के लिए बड़े कदम उठाए जा रहे हैं।मुख्यमंत्री ने कहा, “हमारी सरकार का मुख्य उद्देश्य छत्तीसगढ़ को एक विकसित राज्य बनाना है। अगले दो वर्षों में प्रदेश का रोड नेटवर्क विकसित देशों के बराबर होगा, और एयर कनेक्टिविटी को भी बढ़ाया जाएगा। हम बस्तर और सरगुजा को एयर कनेक्टिविटी प्रदान कर चुके हैं, जिससे पर्यटन और व्यवसाय में तेजी से वृद्धि होगी।”
उपमुख्यमंत्री व वित्त मंत्री किया संबोधित:
समारोह में उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा, “आज छत्तीसगढ़ में मोदी की गारंटी पूरी हो रही है और विकास कार्यों को तेजी से पूरा किया जा रहा है। हम गांवों और शहरों में समान रूप से विकास कर रहे हैं, ताकि हर वर्ग का जीवन बेहतर हो सके।”
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने रायगढ़ जिले में सिंचाई सुविधा के विस्तार पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में रायगढ़ जिले में किसानों को सिंचाई के लिए केलो डैम से नहरों का कार्य पूरा किया जाएगा। इसके अलावा, रायगढ़ में हार्टिकल्चर कॉलेज खोलने की योजना भी है, जिससे यहां के छात्रों को कृषि क्षेत्र में बेहतर शिक्षा मिल सकेगी।
नालंदा परिसर की अत्याधुनिक सुविधाएं:
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के साथ 5 स्कूली छात्रों ने बटन दबाकर रायगढ़ में बनने जा रहे नालंदा परिसर के वर्चुअल टूर वीडियो का लोकार्पण किया। यह परिसर अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा, जिसमें स्मार्ट लाइब्रेरी, स्टडी जोन, इंटरनेट, वाईफाई, और कैरियर गाइडेंस जैसी सुविधाएं शामिल होंगी। इसके अलावा, यहां बच्चों के लिए किड्स स्टडी जोन और किड्स लाइब्रेरी भी बनाई जाएगी, जिससे वे अपने सिलेबस के अनुसार अध्ययन कर सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने दिया संदेश:
मुख्यमंत्री ने अंत में कहा, “हमारी सरकार का हर कदम प्रदेश के विकास के लिए है। हम काम करने में विश्वास रखते हैं, और यही कारण है कि एक साल के भीतर हमने प्रधानमंत्री की गारंटी को पूरा किया और प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण बदलाव किए।”







