रायपुर।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर के होटल अंब्रेसिया में छत्तीसगढ़ सीमेंट ट्रांसपोर्ट वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा आयोजित दीपावली मिलन समारोह में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने सभी को दीपावली की शुभकामनाएं दी और कार्यक्रम की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा, “आप सभी ने बहुत सुंदर आयोजन किया है। आप सभी अपने परिवार जनों के साथ आए हैं, मैं सभी को शुभकामनाएं देता हूं।”
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर ‘साबरमती रिपोर्ट’ फिल्म का जिक्र करते हुए बताया कि इस फिल्म को छत्तीसगढ़ में टैक्स फ्री कर दिया गया है। उन्होंने हाल ही में मंत्रियों और विधायकों के साथ इस फिल्म को देखा। मुख्यमंत्री ने कहा कि “फिल्म में गोधरा की साबरमती एक्सप्रेस में हुई घटना को बहुत सुंदर ढंग से फिल्माया गया है।” उन्होंने सभी से आग्रह किया कि वे इस फिल्म को जरूर देखें और कहा, “सत्य परेशान हो सकता है, पराजित नहीं।”
मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ सीमेंट ट्रांसपोर्ट वेलफेयर एसोसिएशन की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि “एसोसिएशन अपनी जिम्मेदारी को बखूबी निभा रहा है। सीमेंट के सुचारू परिवहन से अर्थव्यवस्था को गति मिलती है और अधोसंरचनाओं का निर्माण समय पर पूरा हो पाता है।”
इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ सीमेंट ट्रांसपोर्ट वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष अंजय शुक्ला सहित अन्य पदाधिकारी और उनके परिजन उपस्थित थे।









