-
कंवर समाज के सम्मेलन में शामिल हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, कहा- नक्सलवाद खात्मे की ओर, नियद नेल्लानार योजना से मुख्यधारा में लौट रहे युवा
कांसाबेल/रायपुर.
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सोमवार को विकासखंड कांसाबेल के ग्राम ढूढरूडांड में आयोजित ‘अखिल भारतीय आदिवासी कंवर समाज विकास समिति’ के वार्षिकोत्सव में शामिल हुए। बतौर मुख्य अतिथि उन्होंने समाज को एकजुट करने वाले ऐसे आयोजनों की सराहना की। सीएम साय ने कहा कि सामाजिक आयोजनों से आपसी जुड़ाव मजबूत होता है और युवाओं को वरिष्ठजनों से प्रेरणा मिलती है, जिससे वे राष्ट्र सेवा में अग्रसर होते हैं।
मुख्यमंत्री ने मंच से ऐलान किया कि यह छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय है कि प्रदेश को ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स’ की मेजबानी का अवसर मिला है। उन्होंने बताया कि सन्ना में तीरंदाजी अकादमी का निर्माण और खेल मैदानों का विकास तेजी से किया जा रहा है।
3100 रुपए में धान खरीदी और महतारी वंदन की 22वीं किस्त
राज्य सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ‘मोदी की गारंटी’ को तेजी से लागू कर रही है।
-
किसानों को सौगात: 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान की खरीदी की जा रही है।
-
आवास: पहली ही कैबिनेट में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 18 लाख आवास स्वीकृत किए गए।
-
महिला सशक्तिकरण: महतारी वंदन योजना के तहत अब तक 70 लाख महिलाओं को 22वीं किस्त दी जा चुकी है।
-
संग्राहक: तेंदूपत्ता संग्राहकों को 5500 रुपये प्रति मानक बोरा भुगतान और चरण पादुका का वितरण किया जा रहा है।
नई उद्योग नीति में विशेष प्रावधान
सीएम साय ने बताया कि नई उद्योग नीति के तहत राज्य को 7.83 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इसमें अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्गों के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं ताकि ये वर्ग व्यापार और उद्योग में आगे बढ़ सकें। उन्होंने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि प्रदेश में आईआईटी, एम्स, आईआईआईटी, लॉ यूनिवर्सिटी और 15 मेडिकल कॉलेज स्थापित हैं, जिनका लाभ युवाओं को लेना चाहिए।
नक्सलवाद अंतिम सांसें गिन रहा
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में नक्सलवाद तेजी से समाप्ति की ओर है। ‘नियद नेल्लानार योजना’ के जरिए नक्सल प्रभावित और दूरस्थ क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है। जिले में मेडिकल कॉलेज, प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र और नर्सिंग कॉलेज का काम भी प्रगति पर है।
बुजुर्गों के संकल्प से देश करेगा प्रगति: कौशल्या साय
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय ने कहा कि समाज को मजबूत बनाने के लिए समर्पण भाव जरूरी है। यदि बुजुर्ग और जागरूक नागरिक संकल्प लें, तो समाज के साथ देश भी तेजी से प्रगति करेगा।
वहीं, कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं विधायक श्रीमती गोमती साय ने युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य और आर्थिक सशक्तिकरण पर जोर देने की बात कही।
इस अवसर पर पूर्व सांसद नन्द कुमार साय, पूर्व संसदीय सचिव भरत साय, जिला पंचायत सदस्य गेंद बिहारी सिंह और कलेक्टर रोहित व्यास विशेष रूप से मौजूद रहे। साथ ही अखिल भारतीय कंवर समाज के महासचिव अशोक पैंकरा, उत्तरी क्षेत्र-ढूढरूडांड के अध्यक्ष विष्णु प्रसाद साय, सचिव राजेश पैंकरा, कोषाध्यक्ष गुलसागर साय समेत बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित थे।






