जन्मदिन के जश्न में खूनी खेल: चरित्र शंका में प्रेमी ने प्रेमिका का गला रेता, मोरडीह के जंगल में मिली लाश
सूरजपुर/जयनगर। जिले के जयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मोरभंज के मोरडीह बांध पर्यटन स्थल के पास शुक्रवार की शाम उस वक्त सनसनी फैल गई, जब जंगल में एक 24 वर्षीय युवती की खून से लथपथ लाश बरामद हुई। मृतका का गला धारदार हथियार से रेता गया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के कथित पति (लिव-इन पार्टनर) को हिरासत में ले लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में हत्या की वजह चरित्र शंका और वारदात का दिन आरोपी का जन्मदिन होना सामने आया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृतका पिंकी सोलंकी (24) का कथित पति हेमंत सोलंकी उर्फ गोलू (24) अपने जन्मदिन (गुरुवार) को उसे मनाने के बहाने मोरडीह बांध ले गया था। आशंका है कि चरित्र शंका के चलते उसने वहीं समीप के जंगल में ले जाकर पिंकी की गला रेतकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया था।
इंस्टाग्राम स्टेटस से खुला राज
मृतका की छोटी बहन रिंकी पाटिल ने पुलिस को बताया कि गुरुवार दोपहर करीब 12:30 बजे पिंकी अपनी 7 साल की बेटी मंजू को उसके पास छोड़कर यह कहकर निकली थी कि वह थोड़ी देर में आ रही है। शाम को जब रिंकी ने कॉल किया, तो पिंकी ने झगड़ा होने की बात कही और जल्द लौटने का दिलासा दिया। इसके बाद उसका फोन बंद हो गया। देर शाम तक पिंकी के न लौटने पर पड़ोसी महिला ने बताया कि वह दोस्त का जन्मदिन मनाने गई है। जब रिंकी ने हेमंत के भाई चिंटू का इंस्टाग्राम स्टेटस देखा, तो पता चला कि उस दिन हेमंत का जन्मदिन था। इसी आधार पर रिंकी ने हेमंत पर हत्या की आशंका जताई।
पहली शादी के बाद लिव-इन में रह रही थी
पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक, मृतका पिंकी सोलंकी का पहला विवाह वर्ष 2016 में भैंसामुंडा दर्रीपारा निवासी शिवदास उर्फ राजू के साथ हुआ था, जिनसे उनकी एक 7 साल की बेटी है। बाद में अंबिकापुर में रहने के दौरान पिंकी के प्रेम संबंध पंडोपारा (कोरिया) निवासी हेमंत सोलंकी, पिता कृष्ण कुमार सोलंकी से बने। वह अपने पहले पति को छोड़कर हेमंत के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगी। हेमंत से भी उसकी 5 माह की एक बेटी है।
बहन रिंकी ने बताया कि हेमंत अक्सर पिंकी के साथ मारपीट करता था, जिससे तंग आकर पिंकी उसे छोड़कर अलग किराए के मकान में रह रही थी। हेमंत अपनी 5 माह की बच्ची को अपने साथ ले गया था, जबकि बड़ी बेटी पिंकी के साथ थी।
शुक्रवार शाम शव मिलने की सूचना पर जयनगर टीआई रूपेश कुंतल दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक अधिकारी अंगेश मौर्य ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए संदेही हेमंत सोलंकी, जो वर्तमान में भटगांव में रह रहा था, को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 103 (1), 238 (बी) के तहत अपराध दर्ज किया है। वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल की तलाश और पीएम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।









