-
भाजपा सरकार के फैसले के खिलाफ दुर्ग में कांग्रेसी नेताओं ने भरी हुंकार, 17 जुलाई से चरणबद्ध घेराव शुरू
दुर्ग (रोहितास सिंह भुवाल)।
छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार द्वारा विद्युत नियामक आयोग के माध्यम से बिजली दरों में की गई वृद्धि के विरोध में कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश पर आज दुर्ग जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर, जिला कांग्रेस दुर्ग शहर अध्यक्ष पटेल व भिलाई जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर ने संयुक्त रूप से पत्रकार वार्ता आयोजित कर भाजपा के इस निर्णय पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने बिजली दरें बढ़ाने के विरोध में कांग्रेस के चरणबद्ध आंदोलन की रूपरेखा भी सार्वजनिक की।
महंगाई की मार और किसानों से वादाखिलाफी:
दुर्ग ग्रामीण कांग्रेस के जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि जब से प्रदेश में विष्णु देव साय की भाजपा सरकार आई है, तब से आम जनता पर महंगाई का बोझ लगातार बढ़ता जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को प्रोत्साहन देने के वादे के विपरीत, सरकार उनसे वादाखिलाफी कर रही है। धान उत्पादन को कम करने के लिए उन्हें डीएपी की जगह एनपीके खाद दी जा रही है, जो धान के लिए उपयुक्त नहीं है। इसके बाद बिजली की दरें बढ़ाकर कृषि पंपों पर प्रति यूनिट 50 पैसे का अतिरिक्त बोझ डालना किसानों को आर्थिक संकट में धकेल रहा है। ठाकुर ने वर्तमान सरकार को जनविरोधी करार दिया।
अडानी को फायदा, जनता को नुकसान:
ठाकुर ने आगे कहा कि सरप्लस बिजली और कोयला उत्पादन वाले राज्य छत्तीसगढ़ में बिजली की दरों में वृद्धि आश्चर्यजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की कोयला खदानें अडानी समूह को सौंप दी गई हैं, जिसके कारण छत्तीसगढ़ विद्युत मंडल को अडानी से महंगे दामों पर कोयला खरीदने के लिए बाध्य होना पड़ रहा है। इसी वजह से बिजली की दरें बढ़ाई जा रही हैं, जिसका सीधा असर आम जनता पर पड़ रहा है।
जनता का आर्थिक शोषण:
पूर्व विधायक अरुण वोरा ने कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार का जनता से कोई सरोकार नहीं रह गया है। उन्होंने बताया कि बिजली की दरें बढ़ने से बिजली उपभोक्ताओं को हर महीने 24 करोड़ रुपये और सालाना 288 करोड़ रुपये का अतिरिक्त भुगतान करना होगा। वोरा ने इसे प्रदेश के किसानों और आम जनता का आर्थिक शोषण बताया।
स्मार्ट मीटर से बढ़ी परेशानी:
प्रदेश महामंत्री राजेंद्र साहू ने कहा कि एक तरफ सरकार बिजली की दरें बढ़ाकर जनता पर महंगाई का बोझ डाल रही है, वहीं दूसरी ओर गरीबों के घरों में नए स्मार्ट मीटर लगाकर उनके बिजली बिलों में भारी वृद्धि कर रही है।
कांग्रेस शासन में गरीबों को मिलती थी सस्ती बिजली:
भिलाई जिला अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर ने प्रधानमंत्री राजीव गांधी के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार के समय को याद करते हुए कहा कि उस दौरान गरीबों को एकल बत्ती कनेक्शन पर मात्र ₹100 में बिजली प्रदान की जाती थी। लेकिन अब उस सुविधा को खत्म कर दिया गया है और गरीबों पर स्मार्ट मीटर लगाकर उनसे कई गुना ज्यादा पैसा वसूला जा रहा है।
सड़क पर उतरेगी कांग्रेस:
दुर्ग ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने ऐलान किया कि कांग्रेस इस जनहित के मुद्दे को लेकर सड़क पर उतरेगी और भाजपा सरकार के खिलाफ पूरे दुर्ग जिले की 6 विधानसभा सीटों पर चरणबद्ध आंदोलन करेगी। उन्होंने बताया कि 17 जुलाई को अहिवारा व दुर्ग ग्रामीण विधानसभा के सभी बिजली कार्यालयों का घेराव किया जाएगा। इसके बाद 18 जुलाई को पाटन विधानसभा और धमधा ब्लॉक के बिजली कार्यालयों का घेराव होगा। अंत में, 22 जुलाई को जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के कांग्रेस कार्यकर्ता दुर्ग स्थित बिजली कार्यालय का घेराव कर सरकार के इस फैसले का पुरजोर विरोध करेंगे।
आज की पत्रकार वार्ता में दुर्ग ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर, दुर्ग शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष पटेल, भिलाई जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर, प्रदेश सचिव राजेंद्र साहू, दीपक दुबे, पूर्व विधायक बदरूद्दीन कुरैशी, पूर्व महापौर आर एन वर्मा, धीरज बाकलीवाल, शंकर लाल ताम्रकार, अल्ताफ अहमद, राजेश यादव, अयूब खान, परमजीत सिंह भाई प्रवक्ता नासिर खोखर, ब्लॉक अध्यक्ष अजय मिश्रा, राजकुमार पाली, महेश सिंह भुबल, निगम नेता प्रतिपक्ष संजय कोहले, राजकुमार नारायणी, परमजीत सिंह मूवी संदीप वोरा, भोला महोबिया, राय सिंह ढिकाला, गोलू गुप्ता नंदू शर्मा, आनंद कपूर ताम्रकार मोहित वाले, हरीश ठाकुर व शिशिरकांत कसार सहित अन्य कांग्रेसी उपस्थित रहे।






