Search
Close this search box.
Search
Close this search box.

महापौर परिषद की बैठक में 12 प्रकरणों पर बनी सहमति, भिलाई के विकास कार्यों को मिलेगी गति

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

भिलाईनगर (रवि कुमार भास्कर)।

नगर पालिक निगम भिलाई के महापौर परिषद की बैठक गुरुवार को एमआईसी कक्ष में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महापौर नीरज पाल ने की। आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय व महापौर परिषद के सदस्यों की उपस्थिति में 14 प्रकरणों पर चर्चा हुई, जिसमें से 12 प्रकरणों पर सहमति दी गई।

बैठक में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और 5 सहायिकाओं की नियुक्ति को मंजूरी दी गई। निगम के वाहन शाखा के लिए उच्च कुशल, कुशल और अर्द्धकुशल वाहन चालक एवं हेल्पर उपलब्ध कराने के प्रस्ताव पर भी सहमति बनी। इसके साथ ही राज्य प्रवर्तित योजना के अंतर्गत वर्ष 2020-21 से 2021-22 तक बचत राशि का उपयोग कर कार्य कराने की अनुसंशा की गई।

तुम्हर शहर तुम्हर जिम्मेदारी के तहत मुक्तिधाम उन्नयन कार्य को मिली सहमति

बैठक में रामनगर मुक्तिधाम के उन्नयन व रखरखाव कार्य पर चर्चा की गई। सलाहकार समिति की अनुशंसा के बाद इसे पुनः महापौर परिषद में रखा जाएगा। वहीं मिशन अमृत 2.0 के अंतर्गत सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के निर्माण कार्य को भी मंजूरी दी गई।

तालाबों की सफाई के लिए खरीदी जाएगी वीड हार्वेस्टर मशीन

बैठक में तालाबों की जलकुंभी सफाई के लिए वीड हार्वेस्टर मशीन की आवश्यकता को देखते हुए इसे सर्वसम्मति से पारित किया गया। नगर पालिक निगम के जोन क्र. 03 और शिवनाथ विस्तार योजना के बीच स्थित भूमि के आबंटन के मुद्दे को अगली बैठक में प्रस्तुत करने का निर्णय लिया गया।

महापौर और आयुक्त को मिलेगा आवास, विश्रामगृह निर्माण पर भी चर्चा

महापौर और आयुक्त के लिए आवास की आवश्यकता को देखते हुए प्रस्ताव पारित किया गया। साथ ही विश्रामगृह के निर्माण पर भी चर्चा की गई। संपत्तियों की सुरक्षा के लिए सुरक्षा गार्ड की सेवाएं जारी रखने की सहमति दी गई।

ऑन ग्रिड सोलर प्लांट से होगी बिजली की बचत

चंद्रा मौर्या अंडर ब्रिज के पास निगम कार्यालय के लिए ऑन ग्रिड सोलर प्लांट लगाने का प्रस्ताव पारित किया गया। इससे विद्युत व्यय में कमी आएगी और मोटर को लगातार बिजली आपूर्ति बनी रहेगी।

सड़क का नामकरण शहीद संजय गुप्ता के नाम पर

बैठक में भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल में शहीद स्व. संजय गुप्ता के नाम पर सड़क एवन्यू ए सेक्टर-7 का नामकरण करने का प्रस्ताव पारित किया गया। इसके साथ ही तीन अन्य सड़कों के नामकरण के प्रस्ताव को भी सामान्य सभा में अनुमोदन के बाद प्रस्तुत करने पर सहमति बनी।

बैडमिंटन कोर्ट निर्माण पर विशेष चर्चा

बैठक में महापौर निधि से सभी 70 वार्डों में बैडमिंटन ग्राउंड निर्माण का प्रस्ताव पहले ही पारित हो चुका था। लेकिन कुछ वार्डों में उपयुक्त स्थल नहीं होने के कारण यह संभव नहीं हो पाया। ऐसे में बची हुई राशि से जोन स्तर पर बैडमिंटन कोर्ट का निर्माण किया जाएगा।

बैठक में उपस्थित अधिकारी व सदस्य

बैठक में महापौर परिषद के सदस्य सीजू एंथनी, साकेत चंद्रकार, आदित्य सिंह, मन्नान गफ्फार खान, चंद्रशेखर गंवई, एकांश बंछोर, संदीप निरंकारी, केशव चौबे, मालती ठाकुर, रीता सिंह गेरा, और नेहा साहू मौजूद रहे। इसके अलावा, निगम के उपायुक्त नरेंद्र कुमार बंजारे, जोन आयुक्त येशा लहरे, अजय सिंह राजपूत, सतीश कुमार यादव, कुलदीप गुप्ता, लेखाधिकारी चंद्रकांत साहू, अभियंता व विभागीय अधिकारी भी उपस्थित थे।

[pdf_embed url=”https://omdarpan.com/wp-content/uploads/2025/01/03-jan-2025-se-09-jan-2025-varsh-20-omdarpna-10-.pdf”]

omdarpanprmot-01
previous arrow
next arrow