पुलिस को खुली चुनौती : आजाद चौक में बदमाशों ने पेट्रोलिंग गाड़ी पर ही कर दिया हाथ साफ, तालियां बजाते हुए हुए फरार
OM Darpan
ट्रैफिक संभालने उतरे थे पुलिसकर्मी, पीछे से बदमाशों ने पेट्रोलिंग वाहन से पार किया सामान, CCTV में कैद हुई करतूत
✍️ विशेष संवाददाता
रायपुर | राजधानी के आजाद चौक इलाके में बदमाशों के दुस्साहस का एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने पुलिस प्रशासन की साख पर सवालिया निशान लगा दिया है। बेखौफ बदमाशों ने इस बार किसी आम वाहन को नहीं, बल्कि पुलिस की ही पेट्रोलिंग गाड़ी को निशाना बनाकर सुरक्षा व्यवस्था को ठेंगा दिखाया है। जब पुलिसकर्मी सड़क पर ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने में पसीना बहा रहे थे, तभी बदमाशों ने इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि चोरी के बाद आरोपी किसी डर के बिना तालियां बजाते हुए वहां से निकल गए।
ट्रैफिक जाम का फायदा उठाकर पुलिस की गाड़ी पर डाला डाका
घटना 10 सितंबर की रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है। आजाद चौक इलाके में उस वक्त ट्रैफिक का भारी दबाव था, जिसे नियंत्रित करने के लिए आजाद चौक थाने की पेट्रोलिंग टीम और अधिकारी मौके पर पहुंचे थे। अधिकारियों और जवानों ने अपना वाहन सड़क किनारे खड़ा किया और जाम खुलवाने के लिए गाड़ी से दूर चले गए। इसी दौरान घात लगाए बैठे बदमाशों ने मौका ताड़ लिया। पुलिसकर्मियों की गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर आरोपियों ने पेट्रोलिंग गाड़ी के अंदर हाथ डालकर वहां रखा सामान पार कर दिया।
CCTV का पता चलते ही सामान लौटाया, पर तालियां बजाकर उड़ाई खिल्ली
वारदात को अंजाम देने के बाद जब बदमाश सामान लेकर भाग रहे थे, तभी किसी ने उन्हें टोकते हुए आसपास लगे CCTV कैमरों की याद दिलाई। कैमरे में अपनी करतूत रिकॉर्ड होने के डर से बदमाशों ने आनन-फानन में चोरी किया गया सामान वापस पुलिस की गाड़ी में रख दिया। हालांकि, उनके चेहरे पर कानून का कोई खौफ नहीं दिखा। मौके से फरार होते वक्त आरोपी सरेआम तालियां बजाते नजर आए, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
साईं मंदिर के कैमरों में कैद हुए चेहरे, पुलिस कर रही आरोपियों की तलाश
इस पूरी घटना का फुटेज आजाद चौक स्थित साईं मंदिर परिसर में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गया है। वीडियो में संदिग्ध युवक पुलिस वाहन के इर्द-गिर्द संदिग्ध गतिविधियां करते साफ देखे जा सकते हैं। फुटेज सामने आने के बाद महकमे में हड़कंप मच गया है और पुलिस के आला अधिकारियों तक यह मामला पहुंच चुका है। पुलिस अब इन फुटेज और चश्मदीदों के बयानों के आधार पर आरोपियों की शिनाख्त करने में जुटी है। फिलहाल यह जांच का विषय है कि इन बदमाशों का असली मकसद क्या था और क्या वे पहले भी किसी वारदात में शामिल रहे हैं।
जरूरी खबरें
विज्ञापन