

खारून-शिवनाथ संगम पर गूंजे ‘बोल बम’ के जयकारे
बिरगांव (सत्यानंद सोई)। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से लगभग 50 किलोमीटर की दूरी पर स्थित प्राचीन सोमनाथ मंदिर धाम में शिव भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा है। हर साल की तरह इस वर्ष भी सावन मास में हजारों की संख्या में शिवभक्त यहां दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। खारून और शिवनाथ नदियों के संगम पर स्थित इस धाम में भक्तों की आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिल रहा है। ‘बोल बम’ के गगनभेदी जयकारों से मंदिर परिसर गूंज रहा है।
सोमनाथ धाम की पवित्रता और ऐतिहासिक महत्व के कारण यहां शिवभक्तों का तांता लगा रहता है। मंदिर प्रशासन और स्थानीय प्रशासन ने भक्तों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए विशेष प्रबंध किए हैं, जिससे दर्शन व्यवस्था सुचारू रूप से चल रही है। भक्तों के लिए विशेष आरती और भंडारे का आयोजन भी किया जा रहा है।
इस वर्ष के सावन में भक्तों की संख्या में वृद्धि से स्थानीय व्यापारियों और दुकानदारों के चेहरे भी खिले हुए हैं। इस श्रद्धालुओं की भीड़ से न केवल धार्मिक बल्कि आर्थिक गतिविधियों में भी तेजी आई है।








