लोड हो रहा है... | --:--:-- --
लोड हो रहा है... | --:--:-- --
Search
Close this search box.
Search
Close this search box.

डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने 108 शिक्षकों को नवाजा

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

 

✍️ विशेष संवाददाता
कवर्धा | कवर्धा के स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल में आयोजित मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण समारोह में उपमुख्यमंत्री और कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने शिरकत की। शिक्षा सत्र 2026-27 के लिए आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के 108 उत्कृष्ट शिक्षकों को ‘शिक्षा दूत’ और ‘ज्ञानदीप’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया। विजय शर्मा ने सेवानिवृत्त शिक्षकों सहित सभी चयनित गुरुजनों को शॉल, श्रीफल, मोमेंटो और प्रमाण पत्र भेंट कर उनके योगदान की सराहना की। इस मौके पर उन्होंने शिक्षकों को राष्ट्र के नवनिर्माण की सबसे अहम कड़ी बताया।

समारोह के दौरान एक भावुक पल तब आया जब उपमुख्यमंत्री ने अपने छात्र जीवन के गुरुजनों का सार्वजनिक रूप से सम्मान किया। उन्होंने स्वामी करपात्री स्कूल में अपनी पढ़ाई के दिनों को याद करते हुए अपने शिक्षक जी.आर. चंदेल, पी.पी. दुबे, एम.आर. महोबिया, विजेंद्र श्रीवास्तव और एम.के. गुप्ता के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया। उन्होंने साझा किया कि कक्षा 6वीं से 12वीं तक की उनकी शिक्षा में इन शिक्षकों का मार्गदर्शन आज भी उनके जीवन का आधार बना हुआ है।

शिक्षा के बुनियादी ढांचे पर बड़ा निवेश

क्षेत्र में शैक्षिक सुधारों की जानकारी देते हुए विजय शर्मा ने बताया कि कवर्धा विधानसभा के 84 हाई और हायर सेकेंडरी स्कूलों में स्मार्ट क्लास रूम तैयार किए जा रहे हैं, जिनमें से 50 स्कूलों में यह सुविधा शुरू हो चुकी है। इसके अलावा, बालिकाओं के लिए सुरक्षित माहौल तैयार करने के उद्देश्य से 7,500 स्कूलों में बालिका शौचालय बनाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने मेडिकल कॉलेज की प्रगति पर भी चर्चा की और बताया कि इस वर्ष 50 सीटों पर पढ़ाई शुरू हो गई है, जिसमें सहसपुर लोहारा के हिमांशु देवांगन प्रवेश लेने वाले पहले छात्र बने हैं।

इस गरिमामयी समारोह में पूर्व संसदीय सचिव डॉ. सियाराम साहू, मोतीराम चंद्रवंशी, कृषक कल्याण परिषद के अध्यक्ष सुरेश चंद्रवंशी, जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, नगर पालिका अध्यक्ष चन्द्रप्रकाश चंद्रवंशी, उपाध्यक्ष पवन जायसवाल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष संतोष पटेल, लोकचन्द साहू, मनीराम साहू, राजा टाटिया और विजय लक्ष्मी तिवारी सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में शिक्षक व विद्यार्थी मौजूद रहे।

 

omdarpanprmot-01
previous arrow
next arrow